इतिहास- बौद्ध धर्म- महात्मा बुद्ध [BUDDHISM- LIFE SKETCH OF MAHATMA BUDDHA]

LIFE SKETCH OF MAHATMA BUDDHA
गौतम बुद्ध 

बौद्ध धर्म [BUDDHISM]

महात्मा बुद्ध का जीवन परिचय [LIFE SKETCH OF MAHATMA BUDDHA]

महात्मा बद्ध के जीवन की घटनाओं का विवरण अनेक बौद्ध ग्रन्थों जैसे ललितबिस्तर, बढ़चरित, महावस्तु व सुत्तनिपात से प्राप्त होता है । महात्मा बुद्ध का जन्म कपिलवस्तु के पास लम्बिनी वनों (लुम्बिनी, नेपाल की तराई में कपिलवस्तु से लगभग चौदह मील की दूरी पर स्थित है।) में 563 ई.पू. में हुआ था। महात्मा बुद्ध के पिता का नाम शुद्धोधन था, जो शाक्यों के राज्य कपिलवस्तु के शासक थे। महात्मा बुद्ध की माता का नाम महामाया था, जो देवदह की राजकुमारी थी। महात्मा बुद्ध के जन्म के सातवें दिन ही उनकी माँ महामाया का देहान्त हो गया था, अतः उनका पालनपोषण उनकी मौसी व विमाता प्रजापति गौतमी ने किया था। महात्मा बुद्ध के बचपन का नाम सिद्धार्थ था (शाक्य लोग गौतम गोत्र थे, इसीलिए सिद्धार्थ को गौतम तथा गौतम बुद्ध के नाम भी के से पुकारा जाता है)।
सिद्धार्थ बचपन से ही एकान्तप्रिय, मननशील एवं दयावान प्रवृत्ति के थे। सिद्धार्थ सांसारिक दु:खों को देखकर करुणा से द्रवित हो जाते थे और इन दु:खों से मुक्ति पाने के उपायों के बारे में सोचते थे। सिद्धार्थ के इस प्रकार के स्वभाव से इनके पिता चिन्तित रहने लगे। इसीलिए उन्होंने भोग-विलास की समस्त वस्तुएँ सिद्धार्थ के चारों ओर एकत्र कर दीं, परन्तु फिर भी सिद्धार्थ का मन सांसारिक भोग-विलास की ओर आकर्षित नहीं हो सका। सांसारिक सुखों के प्रति उदासीनता के कारण इनके पिता ने 16 वर्ष की अल्पायु में ही इनका विवाह रामग्राम के कोलिय गणराज्य की राजकुमारी यशोधरा से कर दिया। विवाह के कुछ वर्ष पश्चात् इन्हें पुत्र-रत्न की प्राप्ति हुई, जिसका नाम राहुल रखा गया। पुत्र -जन्म के सुअवसर पर के समस्त राज्य में खुशियाँ मनाई गई, लेकिन सिद्धार्थ ने पुत्र-जन्म का समाचार सुनकर कहा, "आज मेरे बन्धन की श्रृंखला में एक कड़ी और जुड़ गई।" यद्यपि उन्हें समस्त सुख प्राप्त थे, किन्तु उन्हें शान्ति प्राप्त नहीं थी। ऐसा कहा जाता है कि उन्होंने ऐसे चार दृश्य देखे, जिससे उन्हें वैराग्य उत्पन्न हो गया। एक दिन उन्होंने बाग को जाते समय एक वृद्ध व्यक्ति, दूसरे दिन एक रोगी व्यक्ति, तीसरे दिन एक मृत-व्यक्ति और चौथे दिन एक संन्यासी व्यक्ति को देखा। इन चार दृश्यों ने उनके मन-मस्तिष्क पर गंभीर प्रभाव डाला और उन्हें गृहस्थ जीवन से वैराग्य उत्पन्न हो गया। अतः एक रात वे अपनी पत्नी व पुत्र को सोता हुआ छोड़कर गृह त्यागकर ज्ञान की खोज में निकल पड़े।

गृह त्याग के पश्चात् सिद्धार्थ मगध की राजधानी राजगृह पहुँचे, वहाँ उन्होंने अलार और उद्रक नामक दो प्रसिद्ध ब्राह्मणों से भेंट की और उनसे ज्ञान प्राप्ति का प्रयत्न किया, परन्तु वह उन्हें संतुष्टि नहीं हुई। तत्पश्चात् वे निरंजना  नदी के किनारे उरवेल नामक वन में पहुँचे नदी के जहां उनकी पाँच ब्राह्मण तपस्वियों से भेंट हुई। इन तपस्वियों के साथ मिलकर उन्होंने कठोर तपस्या की, परन्तु इससे भी लाभ नहीं निकला। अतः समझ गए कि शरीर कष्ट देने से ज्ञान की प्राप्ति नहीं हो सकती है, अतः उन्होंने अन्न-जल ग्रहण करना आरम्भ कर दिया,  जिसके फलस्वरूप अन्य तपस्वियों ने उनका साथ छोड़ दिया। इसके पश्चात् सिद्धार्थ गया (बिहार) पहुंचे, वहाँ उन्होंने एक वट-वृक्ष के समाधि लगायी और प्रतिज्ञा की कि जब तक ज्ञान प्राप्त नहीं होगा, वे वहां से नहीं हटेंगे। सात दिन व सात रात  समाधिस्य रहने के उपरान्त अठवें दिन बैशाख पूर्णिमा के दिन उन्हें सच्चे ज्ञान की प्राप्ति हुई।इस घटना को 'सम्बोधि' कहा गया, जिस वट वृक्ष के नीचे उन्हें ज्ञान की प्राप्ति हुई, उस वट-वृक्ष को ‘बोधि वृक्ष' और गया को 'बोधगया' कहा जाने लगा। इस घटना के उपरान्त सिद्धार्थ को भी 'महात्मा बुद्ध' कहा जाने लगा।

ज्ञान प्राप्त होने से महात्मा बुद्ध ने जीवन का एक ऐसा मार्ग खोज निकाला था, जिसका पालन समय, स्थान व विद्यमान संस्कृति की परवाह किए बगैर जा सकता था। महात्मा बुद्ध ने दुखों को दूर करने व मुक्ति के मार्ग को ढूंढ़ लिया था। उनके इस मार्ग को 'मध्यम मार्ग' के नाम से जाना जाता है।

ज्ञान प्राप्ति के पश्चात् महात्मा बुद्ध ने सारनाथ (बनारस के निकट) पहुँचकर सर्वप्रथम अपने उन पाँच साथियों, जिन्होंने पूर्व में उनका साथ छोड़ दिया था, को उपदेश दिया। ये लोग महात्मा बुद्ध के उपदेश से बहुत प्रभावित हुए और उनके शिष्य बन गए। इन शिष्यों को 'पंचवर्गीय' कहा जाता है। महात्मा बुद्ध द्वारा इन शिष्यों को दिए गए उपदेशों की घटना को 'धर्म-चक्र प्रवर्तन' कहा जाता है। इसके पश्चात् उन्होंने बनारस, राजगृह, गया, नालन्दा, पाटलिपुत्र आदि स्थानों पर अपने उपदेश दिए। बिम्बसार, अजातशत्रु तथा मुण्ड जैसे शासक और अनेक धनी वैश्य एवं क्षत्रिय उनके अनुयायी एवं समर्थक बन गए थे। कोशल राज्य में महात्मा बुद्ध के अनुयायियों की संख्या सर्वाधिक थी। कोशल के राजा प्रसेनजित और उसकी पत्नी मल्लिका तथा बहनें सोमा व सकुला भी महात्मा बुद्ध अनुयायी बन गई थीं।

महात्मा बुद्ध कपिलवस्तु भी गए। जहाँ उनकी पत्नी, पुत्र व अनेक शाक्यवंशीय व्यक्ति उनके शिष्य बन गए। महात्मा बुद्ध आजीवन अंग, मगघ, काशी, मल्ल, शाक्य, वज्जि और कोशल आदि सभी नगरों में घूम-घूम कर अपने विचारों को प्रसारित करते रहे। अस्सी वर्ष की अवस्था में वे घूमते हुए पावा पहुँचे, जहाँ उन्हें अतिसार रोग हो गया, इसके पश्चात् वह कुशीनगर पहुंचे, जहाँ 483 ई.पू. में वैशाख पूर्णिमा के दिन उनकी मृत्यु हो गयी । उनकी मृत्यु की घटना को 'महापरिनिर्वाण' कहा जाता है।

बौद्ध धर्म के सिद्धान्त अथवा महात्मा बुद्ध की शिक्षाएँ (Principles of Buddhism or Teachings of Mahatma Buddha)

महावीर स्वामी की भाँति महात्मा बुद्ध ने भी अपने विचारों का प्रचार मौखिक रूप से ही किया था। महात्मा बुद्ध के शिष्यों ने भी काफी समय तक उनके उपदेशों का मौखिक प्रचार ही किया। लेकिन कुछ समय पश्चात् उनके निकटतम शिष्यों ने उनके उपदेशों और वचनों का संकलन 'त्रिपिटकों' के अन्तर्गत किया। 'त्रिपिटक’, बौद्धों के पाली भाषा में लिखे गए आदि धर्मग्रन्थ माने जाते हैं। त्रिपिटक संख्या में तीन हैं - (i) विनय पिटक, (ii) सुत्त पिटक, और (iii) अभिधम्म पिटक । इन्हीं त्रिपिटकों से बौद्ध-धर्म सिद्धान्तों के बारे में जानकारी प्राप्त होती है। 

(1) चार आर्य सत्य- महात्मा बुद्ध ने सारनाथ में अपने प्रथम उपदेश में जनसाधारण को बताया कि मानव-जीवन में आदि से अन्त तक दु:ख ही दु:ख हैं। अतः दुख से मुक्ति प्राप्त करने के लिए उन्होंने चार आर्य सत्यों का प्रतिपादन किया, जिनका विवरण निम्नांकित है- 
(अ) दु:ख- महात्मा बुद्ध के अनुसार व्यक्ति के जीवन में दुख ही दुख है। उनका मानना था कि क्षणिक सुखों को सुख मानना अदूरदर्शिता है।
(ब) दुख समुदय- महात्मा बुद्ध के अनुसार दु:ख का मूल कारण तृष्णा, मोह तथा माया है। इनमें सबसे अधिक घातक तृष्णा है। तृष्णा व्यक्ति को स्वार्थी बनाती है।
(स) दुःख निरोध- महात्मा बुद्ध के अनुसार दुखों से मुक्त होने के लिए उसके कारण का निवारण आवश्यक है। महात्मा बुद्ध ने दुःख निरोध को ही निर्वाण माना है। उनका मानना था कि यदि तृष्णा को समाप्त कर दिया जाय तो व्यक्ति जन्म-मरण के चक्र से मुक्त हो निर्वाण प्राप्त कर सकता है ।
(द) दुख निरोध मार्ग- यह दुःखों पर विजय प्राप्त करने का मार्ग है। कोई भी व्यक्ति इस मार्ग का अनुसरण कर दुखों पर विजय प्राप्त कर सकता है। महात्मा बुद्ध ने जो मार्ग बतलाया वह 'दुःखनिरोधगामिनी प्रतिपदा' के नाम से जाना जाता है। महात्मा बुद्ध का मानना है कि शारीरिक यातनाओं अथवा तपस्या द्वारा निर्वाण प्राप्त नहीं किया जा सकता है। निर्वाण प्राप्त करने के लिए महात्मा बुद्ध ने जो मार्ग सुझाया,उसे 'आष्टांगिक मार्ग' कहा जाता है।

(2) आष्टांगिक मार्ग- महात्मा बुद्ध ने दुखों से मुक्ति प्राप्त करने अथवा निर्वाण प्राप्त करने के लिए आष्टांगिक मार्ग का पालन आवश्यक बताया। आष्टांगिक मार्ग के आठ अंग निम्नांकित हैं-
(अ) सम्यक-दृष्टि- मिथ्या दृष्टि को त्यागकर यथार्थ स्वरूप पर ध्यान देना ही सम्यक दृष्टि है।
(ब) सम्यक संकल्प- कामना और हिंसा से मुक्त आत्म कल्याण का पक्का निश्चय ही सम्यक् संकल्प है।
(स) सम्यक्-वाक्- सम्यक वाक् के अंतर्गत व्यक्ति को झूठ, निन्दा व अप्रिय वचन नहीं बोलने चाहिए।
(द) सम्यक्-कर्मान्त- सम्यक-कर्मान्त के अंतर्गत सभी कमरों में पवित्रता रखना, हिंसा तथा दुराचरण से बचते रहना और सत्कर्म करना आवश्यक है।
(य) सम्यक्-आजीविका- सम्यक्आजीविका के अंतर्गत व्यक्ति को जीविकोपार्जन के लिए पवित्र रास्ता चुनना चाहिए।
(र) सम्यक्-व्यायाम- इसे सम्यक् प्रयत्न भी कहते हैं। इसका अर्थ है सत्कर्मों के लिए निरंतर उद्योग करते रहना।
(ल) सम्यक्-स्मृति- सम्यक-स्मृति का तात्पर्य है- दुर्गुण भावों के प्रति सदैव अचेत रहना, सांसारिक लालसाओं और मोहों को बुद्धि में न आने देना और सदैव बुरे विचारों को दूर रखने के लिए सजग रहना है।
(व) सम्यक् समाधि- उक्त सातों नियमों का अनुसरण कर जो व्यक्ति अपनी बुरी चित्त-प्रवृत्तियों को दूर कर लेता है, वह सम्यक् समाधि का अधिकारी हो जाता है। चित्त की एकाग्रता को ही सम्यक् समाधि कहते हैं। सम्यक् समाधि प्राप्त करने पर व्यक्ति निर्वाण प्राप्त कर लेता है।

(3) मध्यम मार्ग- महात्मा बुद्ध का मानना था कि निर्वाण प्राप्त करने के लिए कठोर तपस्या करना तथा शरीर को कष्ट देना आवश्यक नहीं है। सांसारिक विषयों में लिप्त रहकर ज्ञान प्राप्ति की जा सकती है। निर्वाण या ज्ञान प्राप्त करने के लिए मध्यम मार्ग को अपनाना चाहिए। 

(4) दस शील- महात्मा बुद्ध ने आचरण की पवित्रता तथा नैतिकता के लिए दस शीलों का प्रतिपादन किया। ये दस शील निम्नांकित हैं (i) अहिंसा वत का पालन करना, (ii) सदा सत्य बोलना, (iii) अस्तेय अर्थात् चोरी न करना, (iv) अपरिग्रह अर्थात् वस्तुओं का संग्रह न करना, (v) ब्रह्मचर्य अर्थात् भोग-विलास से दूर रहना, (vi) नृत्य-गायन का त्याग, (vii) सुगन्धित पदार्थों का त्याग, (viii) असमय भोजन का त्याग, (ix) कोमल शैय्या का त्याग और (x) कामिनी और कांचन का त्याग।

(5) क्षणिकवाद- महात्मा बुद्ध द्वारा प्रतिपादित बौद्ध दर्शन क्षणिकवादी दर्शन भी महात्मा बुद्ध के अनुसार संसार क्षण-भंगुर है। संसार की वस्तुएँ सत्ता परिवर्तन के कारण बनती-बिगड़ती रहती हैं, इस कारण संसार से मोह करना व्यर्थ है।

(6) अनात्मवाद- महात्मा बुद्ध आत्मा के अस्तित्व में विश्वास नहीं करते थे। महात्मा बुद्ध का मानना था कि शरीर के नष्ट हो जाने पर आत्मा नाम की कोई वास्तु शेष नहीं रह जाती है। उनका विश्वास था कि शरीर अलग-अलग तत्वों से मिलकर बना है तथा मृत्यु के पश्चात ये तत्व अलग-अलग हो जाते हैं।

(7) कर्म और पुनर्जन्म का सिद्धान्त- महात्मा बुद्ध का मानना था कि व्यक्ति जैसे कर्म करता है उसी के अनुसार वह उच्च अथवा निम्न योनि में प्रवेश करता है। यदि वह अच्छे कर्म करता है तो उसे दुखों से मुक्ति मिल जाती है अर्थात् मोक्ष की प्राप्ति हो जाती है और यदि बुरे कर्म करता है तो उसे बार-बार विभिन्न योनियों में जन्म लेकर अनेक प्रकार के दु:ख भोगने पड़ते है। 

(8) अनीश्वरवाद- कुछ विद्वानों का मानना है कि महात्मा बुद्ध ईश्वर के अस्तित्व भी स्वीकार नहीं करते थे। महात्मा बुद्ध का मानना था कि विश्व की उत्पत्ति के लिए ईश्वर की आवश्यकता नहीं है वरन् कर्म-कारण की श्रृंखला से विश्व चलता रहता है। महात्मा बुद्ध कर्मवादी होने के कारण ईश्वर सम्बन्धी दार्शनिक विवादों में नहीं पड़े। उनका मानना था कि जिन विषयों के समाधान के लिए पर्याप्त प्रमाण न हों तो उनके समाधान की चेष्टा करना व्यर्थ है। अत: महात्मा बुद्ध को स्पष्ट तौर पर अनीश्वरवादी मानना उचित नहीं है। बल्कि यह कहा जा सकता है कि उन्होंने ईश्वर सम्बन्धी वाद-विवाद में उलझना उचित नहीं समझा।

(9) वेदों में अविश्वास- महात्मा बुद्ध ने वैदिक कर्मकाण्डों तथा रीतियों का विरोध किया। उनका मानना था कि यज्ञ तथा बलि आदि व्यर्थ के आडम्बर हैं।

(10) जाति प्रथा का विरोध- महात्मा बुद्ध जाति प्रथा के भी विरोधी थे वह मनुष्यों की समानता में विश्वास रखते थे। उनका मानना था कि सभी मनुष्य समान है, जाति के आधार पर कोई छोटा-बड़ा नहीं है।

(11) निर्वाण- महात्मा बुद्ध के अनुसार मानव जीवन का अंतिम लक्ष्य निर्वाण है। निर्वाण प्राप्त करने के लिए आष्टांगिक मार्ग का अनुसरण करना आवश्यक है । निर्वाण प्राप्त करके ही मनुष्य जन्म-मरण के कष्टों से छुटकारा प्राप्त कर सकता है।

बौद्ध धर्म का प्रसार (Expanslon of Buddhlsm)

बौद्ध-धर्म का प्रसार न केवल भारत में वरन विश्व के अनेक देशों में हुआ। बौद-धर्म शनैः-शनैः एक विश्व-धर्म बन गया और एशिया के अनेक देशों में आज भी विद्यमान है।
बौद्ध-धर्म अपने प्रादुर्भाव के थोड़े ही समय में समस्त भारत में फैल गया था। महात्मा बुद्ध के जीवनकाल में ही मगध, कौशल, कौशाम्बी जैसे शक्तिशाली राज्यों के राजाओं एवं प्रजा तथा लिच्छवि, मल्ल तथा शाक्य गणराज्यों की प्रजा ने भी धर्म अपना लिया था। मौर्य सम्राट अशोक और कनिष्क के शासनकाल में बौद्ध-धर्म, राज्य-धर्म हो गया था। चीनी यात्री ह्वेनसांग और  इत्सिंग के अनुसार बौद्ध-धर्म सातवीं शताब्दी के अन्त तक सारे देश में प्रचलित था।  नवीं तथा दसवीं शताब्दी तक अनेक बौद्ध प्रतिमाएँ महोबा, एलोरा, नासिक, बाघ, अजन्ता तथा दक्षिण के अन्य प्रदेशों में प्राप्त हुई हैं। बारहवीं शताब्दी तक बौद्ध धर्म आंतरिक रूप में दुर्बल होने पर भी भारत में प्रचलित रहा। इसके पश्चात् मुस्लिम युग में बौद्ध धर्म भारत में विलुप्त प्राय: हो गया, परन्तु भारत की सीमाओं के पार वह फलता-फूलता रहा।
तीसरी शताब्दी ई.पू. में मौर्य सम्राट अशोक के शासनकाल में बौद्ध धर्म भारत के बाहर प्रचलित हुआ। भारत के बाहर मिस्र, मैसीडोनिया, सीरिया, बर्मा और श्रीलंका आदि देशों में बौद्ध धर्म प्रचारक भेजे गए। कनिष्क के शासनकाल में मध्य एशिया में बौद्ध धर्म का प्रचार हुआ। मध्य एशिया में काशगर, यारकन्द, खोतान, कूची, तुर्फान आदि स्थानों से प्राप्त अवशेषों से प्रमाणित होता है कि इन स्थानों में बौद्ध धर्म का खूब प्रचार था। मध्य एशिया से बौद्ध धर्म चीन में पहुंचा और वहाँ से उसका प्रसार कोरिया और जापान में हुआ। दक्षिण-पूर्वी एशिया में
हिन्द चीन, थाईलैण्ड, म्यांमार (बर्मा) आदि देशों में बौद्ध धर्म आज भी विद्यमान है।

बौद्ध धर्म के प्रसार के कारण (Causes of Expansion of Buddhism)

बौद्ध धर्म का प्रसार अत्यधिक तीव्रता से न केवल भारत में वरन् विश्व के अनेक देशों में हुआ । विश्व में श्रीलंका, चीन, जापान, जावा, सुमात्रा आदि अनेक ऐसे देश थे जहाँ बौद्ध धर्म कोअपनाया गया। बौद्ध धर्म के तीव्र गति से प्रसार के प्रमुख कारण निम्नांकित थे-
(1) तत्कालीन प्रचलित धर्म- बौद्ध धर्म के जन्म से पूर्व भारत में वैदिक धर्म प्रचलित था। छठी शताब्दी ईसा पूर्व तक वैदिक धर्म इतना अधिक अव्यवहारिक और जटिल हो गया था कि उसका पालन करना जनसाधारण के लिए कष्टकारी था। वैदिक धर्म के अंतर्गत किए जाने वाले यज्ञों और कर्मकाण्डों का जनमानस द्वारा विरोध किया जाने लगा था। ऐसे समय में ही बौद्ध धर्म का प्रादुर्भाव हुआ, जिससे आडम्बर व जटिलता के स्थान पर व्यवहारिकता व सरलता थी। अतः जनसाधारण सहज रूप से बौद्ध धर्म की ओर आकर्षित होने लगा।
(2) बौद्ध धर्म की सरलता और व्यवहारिकता- बौद्ध धर्म में धार्मिक अन्धविश्वास, कर्मकाण्ड की जटिलता, कठोर शारीरिक यातनाओं का विधान और यज्ञों का आडम्बर नहीं था। यह धर्म ऐसे नैतिक आचरणों और सदाचार के नियमों पर आधारित था, जो सभी को मान्य थे और व्यवहारिक थे, जिसके परिणामस्वरूप साधारण जनता बौद्ध धर्म की ओर अधिक आकर्षित हुई। 
(3) बौद्ध धर्म की उदारता और सहिष्णुता- बौद्ध धर्म के सिद्धान्तों में अधिक उदारता, आकर्षण और सहिष्णुता थी। उसमें धर्म प्रचार की कटु, उग्र मनोवृत्ति नहीं थी। इससे जनसाधारण अत्यधिक प्रभावित हुआ और बौद्ध धर्म की ओर आकर्षित हो गया।
(4) महात्मा बुद्ध का आकर्षक व्यक्तित्व-  महात्मा बुद्ध का आकर्षक व्यक्तित्व भी बौद्ध धर्म के तीव्र गति से प्रसारित होने का प्रमुख कारण था। महात्मा बुद्ध ने अपने उच्च चरित्र एवं आकर्षक व्यक्तित्व से जनसाधारण के हदय को जीत लिया था। महात्मा बद्ध का व्यक्तित्व सहनशीलता, क्षमा, दया, स्नेह और करुणा का प्रतिरूप था। प्रसिद्ध विद्वान केनेथ ने भी बौद्ध धर्म के प्रसार का मुख्य श्रेय महात्मा बुद्ध के व्यक्तित्व को दिया है। उनके शब्दों में, "जब शुद्ध हृदय व दयाभाव एक ही व्यक्ति में निहित होते है, तो वह व्यक्ति श्रद्धा का पात्र और आराध्य बन जाता है। बौद्ध धर्म की सफलता का यह एक मुख्य कारण था।"
(5) लोकभाषा का उपयोग- महात्मा बुद्ध ने शास्त्रों और ब्राह्मणों की दुरूह संस्कृत भाषा का परित्याग क्र जनता की बोलचाल कि भाषा में उपदेश दिए धर्म चर्चा की, जिसके परिणामस्वरूप उनके उपदेशों को जनसाधारण ने सुगमता से ग्रहण किया तथा उनसे प्रभावित होकर लोग बौद्ध धर्म के अनुयायी बनने लगे।
(6) महात्मा बुद्ध के उपदेश और धर्म-प्रचार की रोचक शैली-  महात्मा बुद्ध के उपदेश देने तथा अपने सिद्धान्तों का प्रचार करने की शैली बड़ी रोचक और प्रभावोत्पादक थी। उन्होंने धर्म प्रचार और उपदेश के समय न तो दार्शनिक बातों का उपयोग किया और न श्रोताओं को गहन विवादग्रस्त विषयों में डाला। उनके सिद्धान्त और उपदेश दैनिक जीवन से सम्बन्धित होते थे। अपने सिद्धान्तों को समझाने के लिए वह जिन उदाहरणों और उपमाओं का प्रयोग करते थे, उनका सीधा सम्बन्ध मनुष्य के दैनिक जीवन से होता था। महात्मा बुद्ध अपने उपदेशों में हास्य व व्यंग्य का भी प्रयोग करते, जिससे उसमें रोचकता आ जाती थी। 
(7) मध्यम मार्ग का अनुसरण-  महात्मा बुद्ध का मध्यम मार्ग भी उनके धर्म कीका एक कारण था। महात्मा बुद्ध ने एक ओर सांसारिक भोग-विलास का विरोध तो दूसरी ओर घोर तपस्या, शारीरिक यातनाओं, व्रत तथा उपवास का भी विरोध किया। उन्होंने दोनों पक्षों की अति का विरोध किया था, इसलिए जनसाधारण के लिए यह मध्यम माध्यम मार्ग सुगम था। 
(8) राजकीय संरक्षण- बौद्ध धर्म के द्रुतगति से प्रसारित होने का एक प्रमुख कारण उसे राजकीय संरक्षण प्राप्त होना भी था। महात्मा बुद्ध के जीवन-काल में ही मगध, अवन्ति, कौशाम्बी और कोशल राज्यों के राजा उनके अनुयायी हो गये थे। महात्मा बुद्ध के निर्वाण के बाद भी अनेक राज्यों और राजाओं ने बौद्ध को अपनाया था। मौर्य सम्राट अशोक ने बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए अशोक ने स्वयं अपने महेन्द्र और पुत्री संघमित्रा को लंका भेजा था। इस प्रकार राजकीय संरक्षण के माध्यम से बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार का कार्य अत्यन्त सुगमता व तीव्रता के साथ हुआ।
(9) बौद्ध संघ- महात्मा बुद्ध केवल एक धर्म-प्रचारक ही नहीं थे, वरन उनमें संगठन की अपूर्व क्षमता भी विद्यमान थी। महात्मा बुद्ध यह भली-भांति जानते थे की संगठन के आभाव में किसी भी धर्म का विकास संभव नहीं है, अतः  उन्होंने बौद्ध भिक्षुओं के लिए संघों की स्थापना की और उनके रहने के लिए मठों की स्थापना की, इन मठों ने बौद्ध धर्म के प्रचार में महत्वपूर्ण सहायता की। 
(10) बौद्ध सभाओं का योगदान- बौद्ध धर्म के प्रसार में चार बौद्ध सभाओं ने भी महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। इन बौद्ध सभाओं को 'बौद्धसंगीतियों' के नाम से भी जाना जाता है।

प्रथम बौद्ध संगीति महात्मा बुद्ध की मृत्यु के कुछ समय उपरांत 483 ई.पू. में राजगृह में हुई। इस बौद्ध सभा की अध्यक्षता कस्सप ने की थी तथा इसमें पाँच सौ भिक्षुओं ने भाग लिया था। इस बौद्ध सभा में बौद्ध धर्म के सिद्धान्तों को विनय पिटक और अभिधम्म पिटक नामक ग्रंथों में संकलित किया गया था। द्वितीय बौद्ध संगीति 383 ई. प.में वैशाली में आयोजित की गयी थी। इस बौद्ध सभा की अध्यक्षता मगध के शासक कालाशोक ने की थी, इस सभा में भिक्षुओं में उत्पन्न हए विवाद को दूर करने का प्रयत्न किया गया था। तृतीय बौद्ध संगीति मौर्य सम्राट  अशोक के शासनकाल में हुई थी। इस बौद्ध सभा की अध्यक्षता तिस्स ने की थी, इस बौद्ध सभा में सुत्त पिटक नामक ग्रंथ की रचना हुई। अंतिम व चतुर्थ बौद्ध संगीति कुषाण वंशीय शासक कनिष्क के शासनकाल में कश्मीर के कुण्डलवन में हुई थी। इस बौद्ध सभा की अध्यक्षता वासुमित्र नामक विद्वान ने की थी, इस बौद्ध सभा में बौद्ध धर्म की महायान शाखा को मान्यता प्रदान की गई तथा तीनों पिटकों पर टीकाएँ लिखी गई। इन बौद्ध सभाओं से भी बौद्ध धर्म का अत्यधिक प्रसार हुआ।

बौद्ध धर्म के पतन के कारण (Causes of the Downfall of Buddhism)

बौद्ध धर्म दीर्घकाल तक भारत का ही नहीं अपितु एशिया का महत्वपूर्ण धर्म बना रहा, परन्तु कालान्तर में भारत में यह धर्म लुप्त प्रायः हो गया और एशिया में भी इसका प्रभाव क्षीण हो गया। इस धर्म के पतन के प्रमुख कारण निम्नांकित थे-
(1) बौद्ध धर्म के मूल दोष- बौद्धधर्म का प्रादुर्भाव और प्रचार एक सरल व व्यवहारिक धर्म के रूप में हुआ था परन्तु कालान्तर में बौद्ध धर्म विविध नियमों और निषेधों से परिपूर्ण हो गया था। जिन कुरीतियों व प्रथाओं का
महात्मा बुद्ध ने विरोध किया था, वे बौद्ध धर्म में भी आ गई थीं। बौद्ध धर्म मूर्ति-पूजा का विरोध करता था, किन्तु कालान्तर में महात्मा बुद्ध की ही पूजा होने लगी। महात्मा बुद्ध के जीवन-काल में धर्म का प्रचार लोक भाषा में किया जाता था, किन्तु बाद में बौद्ध धर्म का प्रचार संस्कृत में किया जाने लगा, अतः बौद्ध धर्म ने स्वतः ही
लोकप्रियता खोना प्रारम्भ कर दिया।
(2) बौद्ध धर्म का सम्प्रदायों में विभाजन- महात्मा बुद्ध द्वारा स्थापित बौद्ध धर्म पाँचवी शताब्दी तक 18 सम्प्रदायों में विभक्त हो गया था, जिनमें हीनयान, महायान और वज्रयान सम्प्रदाय प्रमुख थे। इन सम्प्रदायों के विचारों में मतभेद थे । इन मतभेदों ने जनसाधारण के बौद्ध धर्म के प्रति विश्वास को नष्ट कर दिया।
(3) बौद्ध संघों में भ्रष्टाचार- बौद्ध धर्म के अंतर्गत बौद्ध-संघों की स्थापना बौद्ध धर्म के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से की गई थी। कालान्तर में यही बौद्ध-संघ बौद्ध धर्म के पतन का कारण बने। महात्मा बुद्ध ने अपने अनुयायियों को शुद्ध आचरण व सदाचार की शिक्षा प्रदान की थी। किन्तु शनैः-शनैः उनके अनुयायी चरित्रहीन हो गए। बौद्ध संघों में धन और स्त्रियों के प्रवेश करने से भ्रष्टाचार और विलासिता व्याप्त हो गयी। यह भ्रष्टाचार बौद्ध धर्म के बौद्धिक, नैतिक आध्यात्मिक पतन का कारण बना।
(4) ईश्वर में अविश्वास- बौद्ध धर्म का ईश्वर के अस्तित्व में विश्वास नहीं था। कालान्तर में बौद्ध धर्म में बोधिसत्वों की उत्पत्ति और महायान सम्प्रदाय द्वारा उनको सक्रिय बनाने की चेष्टा तथा निर्वाण की विचारधारा में परिवर्तन भी बौद्ध धर्म को हिन्दू देवी-देवताओं के मुकाबले खड़ा नहीं कर सके । जनसाधारण के लिए हिन्दुओं के देवी-देवता अधिक आकर्षक थे, क्योंकि वे सदैव मनुष्य की सहायता के लिए तत्पर थे। इस कारण जनसाधारण के व्यवहारिक जीवन में बौद्ध धर्म सदैव दुर्बल रहा और हिन्दू धर्म के पुनरुत्थान से उसकी यह दुर्बलता और अधिक स्पष्ट हो गई।
(5) हिन्दू धर्म का पुनरुत्थान- बौद्ध धर्म के पतन में हिन्दू धर्म के पुनरुत्थान ने भी सहयोग दिया। मौर्य वंशीय शासकों के उपरान्त भारत में शुंग वंशीय व कण्व वंशीय राजाओं ने शासन किया, जो ब्राह्मण धर्म अर्थात् हिन्दू धर्म के अनुयायी थे। अतः इन शासकों ने हिन्दू धर्म को संरक्षण दिया। इसी प्रकार गुप्त वंशीय शासक भी हिन्दू धर्म के अनुयायी थे, अतः  उन्होंने हिन्दू धर्म को राजधर्म बनाया और संस्कृत भाषा को भी राजभाषा घोषित किया। इस प्रकार हिन्दू धर्म के पुनरुत्थान से बौद्ध धर्म पतन की ओर अग्रसर होने लगा।
(6) राजकीय संरक्षण का अभाव- कुषाण वंश के शासन के पश्चात् अन्य राजवंशों ने बौद्ध धर्म को संरक्षण प्रदान नहीं किया। हर्षवर्धन व कुछ पाल शासकों के अतिरिक्त प्रायः अन्य सभी शासकों ने हिन्दू धर्म का पालन किया। अत: राजकीय संरक्षण के अभाव में बौद्ध धर्म का पतन प्रारम्भ हो गया ।
(7) हूणों तथा मुसलमानों के आक्रमण—पाँचवीं शताब्दी के पश्चात् भारत में हणों के निरंतर आक्रमण होने लगे। जिन प्रदेशों पर इनके आक्रमण हुए, वहाँ उन्होंने बौद्ध-विहारों, मन्दिरों को नष्ट-भ्रष्ट कर दिया। इससे बौद्ध धर्म को गहरा आघात लगा। बारहवीं शताब्दी में तुर्कों ने भारत पर निरंतर आक्रमण करके बौद्ध-विहारों, मन्दिरों, चैत्यों, स्तूपों और शिक्षण संस्थाओं को नष्ट-भ्रष्ट कर दिया तथा अनेक बौद्ध भिक्षुओं-भिक्षुणियों की हत्या कर दी । इसके परिणामस्वरूप बचे हुए बौद्ध भिक्षु और भिक्षुणियाँ तिब्बत, नेपाल आदि देशों में भागने पर विवश हुए। अतः बौद्ध धर्म भारत से विलुप्त प्रायः हो गया।

बौद्ध धर्म की भारतीय संस्कृति को देन (Contribution of Buddhism to the Indian Culture)

बौद्ध धर्म ने भारतीय संस्कृति की श्रीसम्पन्नता में वृद्धि की। भारतीय संस्कृति के प्रत्येक क्षेत्र में बौद्ध धर्म ने अपनी अमिट छाप छोड़ी है। बौद्ध धर्म ने भारतीयों में अहिंसा, सहिष्णुता, परोपकार, दया व मानव कल्याण की भावनाओं को विकसित किया तथा उन्हें जाति प्रथा का विरोध करना सिखलाया। बौद्ध धर्म की भारतीय संस्कृति को देन विषय का अध्ययन निम्नांकित शीर्षकों के अन्तर्गत किया जाता है-
(1) सरल, सबोध और लोकप्रिय धर्म का प्रसार- बौद्ध धर्म की यह एक महान देन है कि भारत में सरल, सुबोध और विशुद्ध आचारवादी लोकप्रिय धर्म का प्रसार हुआ। इस धर्म को साधारण से साधारण व्यक्ति भी समझ सकता था और इसे अपना सकता था। इस धर्म का प्रमुख लक्ष्य सभी लोगों के दु:खों का निवारण करना और सभी को निर्वाण उपलब्ध कराना था।
(2) सामाजिक समानता- बौद्ध धर्म ने भारतीय समाज में प्रचलित जाति प्रथा, ऊंच-नीच और छुआ-छूत का विरोध किया । इससे समाज में , स्वतंत्रता और सामाजिक समानता, उदारता, सहनशीलता की भावनाएँ प्रसारित हुई।
(3) सहिष्णुता- बौद्ध धर्म ने सहिष्णुता का पाठ पढ़ाया । महात्मा बुद्ध अपने धर्म-प्रचार में सदैव शान्त, सौम्य और विशाल हृदय रहते थे, उनमें कठोरता और कटुता नहीं थी। वह अन्य धर्मों की भी कभी निन्दा नहीं करते थे और
न ही लोगों पर अपना धर्म जबरदस्ती लादते थे। वे अपने विचारों और सिद्धान्तों के प्रचार में बड़े ही उदार और सहिष्णु थे। इसीलिए बौद्ध संघों ने भी कालान्तर में सहिष्णुता की प्रवृत्ति अपनायी।
(4) साहित्यिक देन- बौद्ध धर्म ने भारतीय साहित्य के कोष में भी महत्त्वपूर्ण वृद्धि की। बौद्ध धर्म के विद्वानों द्वारा पालि और संस्कृत भाषा में बौद्ध-दर्शन और धार्मिक विचारधारा से सम्बन्धित महत्त्वपूर्ण साहित्य की रचना की गयी। इसके साथ ही महात्मा बुद्ध के जीवन को आधार बनाकर संस्कृत एवं जनभाषाओं में भी साहित्य लिखा गया। इन सबने भारतीय साहित्य को समृद्ध किया।
(5) दार्शनिक देन- भारतीय दर्शन के विकास में भी बौद्ध धर्म का अभूतपूर्व योगदान रहा, क्योंकि बौद्ध धर्म ने बौद्धिक तथा विचारों की स्वतंत्रता पर विशेष बल दिया था। बौद्ध विचारकों और दार्शनिकों ने तत्व ज्ञान की विविध समस्याओं पर स्वतंत्रतापूर्वक मनन और चिन्तन किया, जिसके परिणामस्वरूप दर्शन-शास्त्र के क्षेत्र में नवीन विचारधाराओं का प्रादुर्भाव हुआ तथा नवीन दार्शनिक सम्प्रदायों का उदय हुआ। बौद्ध विद्वान नागार्जुन ने शून्यवाद और माध्यमिक दर्शन का प्रतिपादन किया। इनके अतिरिक्त विज्ञानवाद, प्रतीत्य-समुत्पाद, सर्वास्तिवाद, सौत्रान्तिक, अनित्यवाद और योगाचार आदि अन्य दार्शनिक विचारधाराएँ और प्रणालियाँ प्रारम्भ हुई। नागार्जुन, अश्वघोष, असंगवसुमित्रधर्मकीर्ति एवं दिग्नार आदि प्रसिद्ध बौद्ध दार्शनिक थे, जिन्होंने बौद्ध दार्शनिक साहित्य का सृजन किया।
(6) कला के क्षेत्र में देन- बौद्ध धर्म की सर्वोत्कृष्ट अद्वितीय देन कला के क्षेत्र में है। बौद्ध धर्म के प्रभाव से वास्तुकला, चित्रकला और मूर्तिकला का पर्याप्त विकास हुआ। गया का बौद्ध मंदिर, बौद्ध कला की श्रेष्ठतम अभिव्यक्ति है। अजन्ता,एलोरा, बारबरा व बाघ की गुफाओं में बौद्धकालीन स्थापत्य कला व चित्रकला की अनुपम कृतियाँ हैं।
(7) विदेशों में भारतीय संस्कृति का प्रसार- भारतीय संस्कृति का विदेशों में प्रसार भी बौद्ध धर्म की प्रमुख देन है। वास्तव में बौद्ध धर्म प्रथम भारतीय धर्म था, जिसने देश की सीमाओं को पार कर विदेशों में अपना प्रभुत्व स्थापित किया था। बौद्ध धर्म के प्रचारक भारत से निकलकर श्रीलंका, जावा, सुमात्रा, तिब्बत, चीन, जापान, स्याम, कम्बोडिया आदि दूर दूर के देशों में गए और भारतीय संस्कृति का प्रसार किया।
इतिहास- बौद्ध धर्म- महात्मा बुद्ध [BUDDHISM- LIFE SKETCH OF MAHATMA BUDDHA] इतिहास- बौद्ध धर्म- महात्मा बुद्ध [BUDDHISM- LIFE SKETCH OF MAHATMA BUDDHA] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 5:30 PM Rating: 5

इतिहास- जैन धर्म [JAINISM]

JAINISM
महावीर स्वामी 

जैन धर्म [JAINISM]

"जैन दर्शन को एक वाक्य ही संग्रहीत किया जा सकता है। जीव तथा अजीव के पारस्परिक संपर्क से ऊर्जाओं का निर्माण होता है जिसके कारण जन्म, मृत्यु तथा जीवन के विभिन्न अनुभवों का आविर्भाव होता है। इस प्रक्रिया को रोका जा सकता है तथा पूर्व निर्मित ऊर्जा का भी विनाश हो सकता है, यदि निर्वाण को प्राप्त करने के लिए आवश्यक संयमित जीवन व्यतीत किया जाए।"          - डॉ. हीरा लाल जैन

जैन धर्म की प्राचीनता के विषय में कुछ समय पूर्व तक विद्वानों में मतभेद था, पहले विद्वानों का विचार था कि महावीर स्वामी ही जैन धर्म के संस्थापक थे, किन्तु अब नवीन शोध कार्यों से यह प्रमाणित हो चुका है कि जैन धर्म अत्यन्त प्राचीन है,सम्भवतः वैदिक काल में ही इसकी स्थापना हो गयी थी । महावीर स्वामी जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थकर थे। इनसे पूर्व 23 तीर्थकर जैन धर्म का प्रचार कर चुके थे। जैन जनश्रुतियों के अनुसार जैन धर्म के प्रथम तीर्थकर  ॠषभदेव थे। इस प्रकार जैन धर्म के वास्तविक संस्थापक ऋषभदेव थे।

जैन धर्म के 24 तीर्थकर निम्नांकित थे-
1. ऋषभदेव, 2. अजितनाथ, 3. सम्भवनाथ, 4. अभिनन्दन, 5. सुमतिनाथ, 6. पद्मप्रभु, 7. सुपार्श्र्वनाथ, 8. चन्द्रप्रभु , 9. सुविधि, 10. शीतल, 11. श्रेयांस, 12. वासुपूज्य, 13. विमल, 14. अनन्त, 15. धर्म, 16. शान्ति, 17. कुन्थ, 18. अर, 19. मल्लि, 20. मुनि सुबत, 21. नेमिनाथ, 22. अरिष्टनेमि, 23. पार्श्वनाथ,  24. महावीर स्वामी ।

महावीर स्वामी, 599 ई.पू. - 527 ई.पू. [MAHAVIR SWAMI, 599 B.C. - 527 B.C.]

महावीर स्वामी, जैन धर्म के संस्थापक नहीं ,वरन् वह जैन धर्म के चौबीसवें व अन्तिम तीर्थकर थे। महावीर स्वामी ने जैन धर्म में अपेक्षित सुधार करके इसका व्यापक स्तर पर प्रचार किया था। महावीर स्वामी का जन्म वैशाली (बिहार) के निकट कुण्डग्राम में क्षत्रिय परिवार में हुआ था। महावीर स्वामी के बचपन का नाम 'वर्धमान' था। महावीर स्वामी के पिता का नाम का नाम सिद्धार्थ था, जो कुण्डग्राम के राजा थे। महावीर स्वामी की माँ का नाम त्रिशला था,जो लिच्छवि शासक चेटक की बहिन थीं । राज परिवार उत्पन्न होने के कारण महावीर स्वामी का प्रारम्भिक जीवन सुख-सुविधाओं से परिपूर्ण व्यतीत हुआ। महावीर स्वामी बचपन से ही गम्भीर एवं चिन्तनशील प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। पिता की मृत्यु के समय महावीर स्वामी की आयु 30 वर्ष थी, तभी उन्होंने संन्यास धारण कर लिया तथा ज्ञान प्राप्ति के लिए तपस्या करने लगे। तेरह माह पश्चात जाडे के मौसम में उन्होंने वस्त्र त्यागकर नग्नावस्था में तप किया। कल्पसूत्र और 'आचरांग सूत्र' के अनुसार महावीर स्वामी
ने ज्ञान-प्राप्ति के लिए कठोर तपस्या की। तपस्वी जीवन के 12 वर्ष पश्चात जम्भियग्राम के समीप ऋजुपालिका नदी के चित्र पर साल वृक्ष के नीचे महावीर स्वामी को ‘कैवल्य ज्ञान' (सर्वोच्च ज्ञान) की प्राप्ति हुई जिसके कारण उन्हें ‘केवलिन' पुकारा गया। अपनी इन्द्रियों को जीतने के कारण वे ‘जिन’ कहलाए और अपने पराक्रम के कारण 'महावीर के नाम से विख्यात हुए।
ज्ञान प्राप्ति के पश्चात् महावीर स्वामी ने धर्म प्रचार का कार्य प्रारम्भ किया। महावीर स्वामी को 42 वर्ष की आयु में ज्ञान प्राप्त हुआ था, उन्होंने अपने जीवन के अन्तिम 30 वर्ष धर्म प्रचार में ही व्यतीत किए। महावीर स्वामी ने अनेक राज्यों में स्वयं जाकर जैन धर्म का प्रचार किया। उन्होंने काशी, अंग, मगघ, मिथिला व कौशल आदि राज्यों में घूम-घूम कर अपने धर्म का प्रचार किया। 527 ई.पू. में 72 वर्ष की अवस्था में पावापुरी (जिला—पटना) में महावीर स्वामी की मृत्यु हुई। 

जैन धर्म के सिद्धान्त अथवा महावीर स्वामी की शिक्षाएँ (Principles of Jainism or the Teachings of Mahavir Swami)

महावीर स्वामी जैन धर्म के प्रवर्तक नहीं थे, वे जैन धर्म के चौबीसवें तीर्थकर थे, उन्होंने जैन धर्म का पुनरुद्धार किया था। महावीर स्वामी ने जैन धर्म के सिद्धान्तों को सुव्यवस्थित किया तथा जैन संघ की स्थापना की थी। महावीर स्वामी ने सत्य का पता लगाने में वेदों की प्रामाणिकता को अस्वीकार किया तथा तीर्थकरों के कैवल्य ज्ञान और उनके वचनों को ही प्रामाणिक माना।
जैन धर्म के प्रमुख सिद्धान्तों एवं महावीर स्वामी की शिक्षाओं का अध्ययन निम्नांकित शीर्षकों के अन्तर्गत किया जा सकता है-
(1) त्रिरत्न-  जैन धर्म में मोक्ष की प्राप्ति के लिए त्रिरत्नों का पालन करना आवश्यक बतलाया गया है । ये त्रिरत्न हैं- (अ) सम्यक-दर्शन-- सत्य ज्ञान के प्रति श्रद्धा ही सम्यक-दर्शन है। सम्यक-दर्शन का तात्पर्य जैन तीर्थकरों में विश्वास रखने से है।
(ब) सम्यक् ज्ञान-  सम्यक ज्ञान, सत्य व असत्य के अन्तर को स्पष्ट करता है। जब मनुष्य परोक्ष तथा अपरोक्ष दोनों प्रकार की वस्तुओं का  ज्ञान प्राप्त कर लेता है, तब वह ज्ञानसम्यक-ज्ञान  के नाम से पुकारा जाता है।
(स) सम्यक्-चरित्र- अहितकारी कार्यों का निषेध तथा हितकारी कार्यों का आचरण ही सम्यक्-चरित्र है।

जैन धर्म के अनुसार यदि व्यक्ति इन त्रिरत्नों को प्राप्त कर लेता है, तो वह अपनी आत्मा को बन्धन मुक्त कर सकता है।

(2) पंच महाव्रत- महावीर स्वामी ने जैन धर्म के अनुयायियों को पंच महाव्रत का उपदेश दिया था। इन पंच महाव्रतों में प्रथम चार व्रतों (अहिंसा, सत्य, अस्तेय, अपरिग्रह) का प्रतिपादन के जैन धर्म के तेइसवें तीर्थकर पार्श्वनाथ ने किया था तथा पाँचवें व्रत (ब्रह्मचर्य) का प्रतिपादन महावीर स्वामी ने किया था। जैन धर्म के पंच महाव्रत निम्नांकित हैं- 

(अ) अहिंसा- अहिंसा का अर्थ है- जीव मात्र के प्रति दया का व्यवहार करना, जीवों की हत्या न करना।
(ब) सत्य- सत्य के अन्तर्गत मिथ्या का वचन का परित्याग करना आवश्यक था। इस व्रत के अनुसार व्यक्ति को सदैव सत्य बोलना चाहिए । सत्य बोलने के लिए व्यक्ति को लोभ, मोह, माया एवं क्रोध से दूर रहना चाहिए।
(स) अस्तेय- चोरी करना, बिना चुंगी दिए माल बेचना, चोरी का माल बेचना, कम तोलना आदि सभी अस्तेय के अन्तर्गत आते हैं। इनसे बचने का प्रयत्न करना चाहिए।
(द) अपरिग्रह- अपरिग्रह व्रत के अन्तर्गत उन सभी वस्तुओं का परित्याग है जिनके द्वारा इन्द्रिय सुख की उत्पत्ति होती है ।
(य) ब्रह्मचर्य- ब्रह्मचर्य का तात्पर्य वासनाओं के परित्याग से है। सभी इन्द्रिय या विषय-वासनाओं को त्यागकर संयम का जीवन व्यतीत करना ब्रह्मचर्य व्रत कहलाता है।

(3) अनीश्वरवादिता- जैन धर्म ईश्वर को सृष्टि के रचयिता एवं पालनकर्ता के रूप में ही स्वीकार नहीं करता है। जैन धर्म के अनुसार संसार अनादि और अनंत है तथा छह द्रव्यों- धर्म, अधर्म, पुदगुल व जीव द्वारा स्थिर है। जैन धर्म के अनुसार ईश्वर नाम की कोई ऐसी सत्ता नहीं है. जो जीव-जन्तुओं के सुख या दु:ख की निर्धारक हो । जैन धर्म के अनुसार केवल स्वकर्मों से ही सुखदु:ख मिलता है ।

(4) आत्मवादिता- जैन धर्म आत्मा के अस्तित्व को स्वीकार करता है। जैन धर्म के अनुसार न केवल मनुष्यों व जानवरों में बल्कि प्रत्येक जीव, यहाँ तक कि पेड़-पौधों में भी आत्मा होती है। प्रत्येक जीव में अलग-अलग आत्मा होती है। जैन धर्म के अनुसार आत्मा सर्वदृष्टा है परन्तु कर्म-जाल तथा मोह के बन्धन इसकी शक्ति को क्षीण कर देते हैं। आत्म सुख-दुख अनुभव करती है। यदि आत्मा को मुक्त करना है तो उसे कर्म के बन्धनों से भी मुक्त करना होगा। 

(5) वेदों में अविश्वास- जैन धर्म के अनुयायी वेदों में विश्वास नहीं करते हैं। वेदों में ईश्वर और सृष्टि के बारे में, जो  कुछ कहा  गया है, उस पर इनका विश्वास नहीं है। जैन धर्म ने  ब्राह्मण धर्म में व्याप्त कुरीतियों की भी आलोचना की है। अहिंसात्मक नीति का पालन करने के कारण जैन धर्म, ब्राह्मण धर्म में प्रचलित पशु-बलि व यज्ञों का भी घोर विरोधी है।

(6) कर्म व पुनर्जन्म में विश्वास- जैन धर्म कर्म को प्रधानता देता है तथा पुनर्जन्म में विश्वास करता है। जैन धर्म के अनुसार, इस संसार में जो भी जन्म लेता है, उसे अपने वर्तमान जीवन के कर्मों और पूर्व जन्म के कर्मों के अनुसार फल की प्राप्ति होती है। कर्म का पुनर्जन्म के साथ सीधा सम्बन्ध है। कर्मों के आधार पर ही अगला जन्म होता है । मोक्ष अथवा निर्वाण प्राप्त करके ही जन्म-पुनर्जन्म के चक्र से मुक्त हुआ जा सकता है ।

(7) निवृत्ति मार्ग- जैन धर्म में निवृत्ति मार्ग को प्रधानता दी गई है । जैन धर्म के अनुसार संसार दु:खों से परिपूर्ण है, अतः दुःखों से निवृत्ति आवश्यक है। जैन धर्म में दु:खों का वास्तविक कारण तृष्णा माना गया है। अतः प्रत्येक व्यक्ति को तृष्णा त्यागकर निवृत्ति का मार्ग अपनाना चाहिए। 

(8) अहिंसा- कर्म और पुनर्जन्म के समान ही अहिंसा का सिद्धान्त भी जैन धर्म में विशेष महत्व रखता है। 'अहिंसा परमो धर्म'  यह विचार जैन धर्म का मूलमन्त्र है। जैन धर्म के अनुसार जड़ व चेतन दोनों प्रकार की वस्तुओं में जीव का अस्तित्व है। जैन धर्म के अनुसार जीव की हत्या न करना ही पर्याप्त नहीं है वरन् हिंसा के विषय में सोचना, बोलना व दूसरों को हिंसा करने देना भी अधर्म है।

(9) समानता व सदाचार पर बल- जैन धर्म, ब्राह्मण धर्म की प्रचलित जाति प्रथा (वर्ण-व्यवस्था) का विरोध करता है। जैन धर्म के अनुसार शूद्र व ब्राह्मण में कोई अन्तर नहीं है। निर्वाण प्राप्त करने का अधिकार प्रत्येक व्यक्ति को है, चाहे वह शूद्र हो अथवा ब्राह्मण। इसके अतिरिक्त जैन धर्म सदाचारी एवं नैतिक जीवन व्यतीत करने पर बल देता है।

(10) निर्वाण- जैन धर्म में निर्वाण अर्थात् मोक्ष-प्राप्ति को ही जीवन का अन्तिम लक्ष्य माना जाता है। महावीर स्वामी के अनुसार कर्म-बन्धन से मुक्ति पाना ही मोक्ष अथवा निर्वाण है। कर्मबन्धन से मुक्ति पाने के लिए यह आवश्यक है कि पूर्व-जन्म के दुष्कर्मों का नाश किया जाए और वर्तमान जन्म में सत्कर्म किए जाएँ। जैन धर्म निर्वाण प्राप्त करने के लिए 'त्रिरत्न' को भी आवश्यक मानता है।

जैन धर्म का प्रसार (Expansion of Jainism)

महावीर स्वामी ने समाज के सभी वर्गों में अपने धर्म का प्रचार करने का प्रयास किया था। महावीर स्वामी के राजघराने से सम्बन्धित होने के कारण अनेक राजवंशों ने जैन धर्म को आश्रय प्रदान किया था, जिससे जैन धर्म का व्यापक प्रचार और प्रसार हुआ था। जैन धर्म का संगठित करने एवं इसके और अधिक प्रसार करने के लिए महावीर स्वामी ने ‘जैन संघ' की स्थापना की थी। महावीर स्वामी के समय में जैन धर्म कोशल, विदेह, मगध, अंग, काशी, मिथिला गया था। महावीर स्वामी के पश्चात् जैन संघ और प्रचारकों ने जैन धर्म के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया। महावीर स्वामी की मृत्यु के पश्चात भी जैन धर्म को राजकीय संरक्षण प्राप्त होता रहा । कालान्तर में जैन धर्म के प्रसार का मुख्य आधार जैन धर्म के अनुयायियों का भारत के विभिन्न प्रदेशों में जाकर बसना था। इस प्रकार जैन धर्म का प्रसार उड़ीसा, दक्षिण भारत, मथुरा, उज्जयिनी, जूनागढ़ और गुजरात तक हुआ। मौर्यवंश व गुप्त वंश के शासनकाल के मध्य में जैन धर्म पूर्व में उड़ीसा से लेकर पश्चिम में मथुरा तक फैला हुआ था।

महावीर स्वामी की मृत्यु के लगभग दो सौ वर्ष पश्चात् जैन धर्म मुख्यत: दो सम्प्रदायों में विभक्त हो गया- (1) दिगम्बर जैन और (2) श्वेताम्बर जैन, ये दोनों सम्प्रदाय आज तक विद्यमान हैं। श्वेताम्बर जैन-मुनि सफेद वस्त्र धारण करते हैं जबकि दिगम्बर जैन-मुनियों के लिए नग्न रहना आवश्यक है। इस विभाजन के बावजूद भी जैन धर्म की प्रगति होती रही और उत्तर भारत, काठियावाड़, गुजरात, राजस्थान, मैसूर और हैदराबाद आदि प्रदेशों में उसका प्रसार हुआ। किन्तु जैन धर्म के अनुयायियों की संख्या सदैव सीमित रही, आज भी उनकी संख्या अधिक नहीं

जैन धर्म की भारतीय संस्कृति को देन (Contribution of Jainism to Indian Culture)

यद्यपि जैन धर्म का प्रचा-रप्रसार अधिक नहीं हो पाया, फिर भी जैन धर्म ने भारतीय सभ्यता और संस्कृति के विभिन्न पक्षों को बहुत प्रभावित किया और भारतीय दर्शन, साहित्य तथा कला के विकास में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया। जैन धर्म की भारतीय संस्कृति को देन विषय का अध्ययन निम्नांकित शीर्षकों के अन्तर्गत किया जा सकता है-
(1) अहिंसा का सिद्धान्त- अहिंसा का सिद्धान्त जैन धर्म की मुख्य देन है। यह सत्य है कि जैन धर्म द्वारा प्रतिपादित अहिंसा का सिद्धान्त कोई नवीन सिद्धान्त नहीं था, परन्तु यह भी सत्य है कि अहिंसा का प्रचार जितना जैन धर्म द्वारा किया गया, उतना किसी अन्य धर्म ने नहीं किया। महावीर स्वामी ने पशु-पक्षी तथा पेड़-पौधों तक की हत्या न करने का अनुरोध अपने अनुयायियों से किया था। जैन धर्म के इस सिद्धान्त का हिन्दुओं पर भी व्यापक प्रभाव पड़ा। यह अहिंसा के सिद्धान्त का ही प्रभाव है कि समस्त देश में 'दया' ही धर्म का प्रधान अंग माना जाता है ।

(2) कर्म व पुनर्जन्म का सिद्धान्त- जैन धर्म की भारतीय संस्कृति को दूसरी देन 'कर्म व पुनर्जन्म' का सिद्धान्त है। कर्म व पुनर्जन्म के सिद्धान्त में भारतीय जैन धर्म से पहले भी विश्वास करते थे, किन्तु जैन धर्म के प्रवर्तकों तथा प्रचारकों ने इस सिद्धान्त को इतना वैज्ञानिक और सुबोध से बना दिया कि भारत का जन-जन यह जान गया कि "जैसा बोओगे वैसा ही काटोगे" अर्थात् जैसा कर्म तुम करोगे, उसका फल तुमको अवश्य मिलेगा। यह सिद्धान्त अब भारत में इतना प्रचलित हो गया है कि यह भारतीय संस्कृति का एक अभिन्न अंग बन गया है।

(3) दर्शन के क्षेत्र में देन- जैन धर्म ने भारतीय दर्शन के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। दर्शनशास्त्र में जैन धर्म का 'स्यादवाद' अपना विशिष्ट महत्व रखता है। 'स्यादवाद' जैन धर्म का सबसे महत्त्वपूर्ण सिद्धान्त है । इसका अभिप्राय यह है कि जो बात कही जा रही है, वह किसी विशेष अपेक्षा से कही जा रही है, परन्तु यह बात अन्य दृष्टिकोणों से या अपेक्षाओं से भी कही जा सकती है और नहीं भी कही जा सकती है। ‘स्यादवाद’ के अतिरिक्त भी अनेक मौलिक सिद्धान्तों को जैन धर्म ने भारतीय संस्कति को प्रदान किया है।

(4) सामाजिक देन- समाज के क्षेत्र में भी जैन धर्म की देन महत्वपूर्ण है। जैन धर्म को आश्रय प्रदान करने वाले शासकों ने जैन धर्म से प्रेरित होकर समाज के निर्धन वर्ग के लिए अनेक औषधालयों, विश्रामालयों  व पाठशालाओं का निर्माण कराया। शासकों के इन समाजकार्यों से प्रेरित होकर समाज के अन्य वर्गों में भी निर्धनों के प्रति दया-भाव जाग्रत हुए। जैन धर्म ने स्त्रियों की दशा सुधारने के लिए भी सार्थक प्रयत्न किए। महावीर स्वामी ने समाज में प्रचलित वर्ण व्यवस्था (जाति प्रथा) का भी विरोध किया, जिससे सामाजिक समानता की भावना का प्रादुर्भाव हुआ।

(5) साहित्यिक देन- जैन धर्म में अनेक महत्वपूर्ण ग्रन्थों की रचना की गयी । श्वेताम्बर तथा दिगम्बर जैन सम्प्रदायों ने अनेक धार्मिक ग्रन्थों का सृजन किया, जिनमें अंग और कल्पसत्र प्रमुख ग्रन्थ हैं। हेमचन्द्र सूरी नामक विद्वान ने व्याकरण कोष, छन्द, शास्त्र तथा व्याकरण पर अनेक ग्रन्थ लिखे। जैन विद्वानों ने अपने साहित्य की रचना मुख्यत: प्राकृत नामक लोकभाषा में की । प्राकृत भाषा को समृद्ध बनाने में जैन धर्म का विशेष योगदान रहा।

(6) कला के क्षेत्र में देन- जैन धर्म का कला के क्षेत्र में भी अपूर्व योगदान रहा। जैन धर्म के अनुयायियों ने अपने धर्म के प्रचार-प्रसार के लिए तथा तीर्थकरों की स्मृति को चिरस्थाई बनाए रखने के लिए कलात्मक मन्दिरों, स्तूपों, मठों, स्तम्भ,प्रवेश-द्वार, गुफाओं और निर्माण कराया। मध्य प्रदेश में खजुराहो में अनेक जैन मन्दिर हैं। इनमें पार्श्वनाथ, शान्तिनाथ तथा आदिनाथ के मन्दिर विशेष रूप से लोकप्रिय हैं।

(7) धार्मिक देन- जैन धर्म के प्रचारकों ने तत्कालीन प्रचलित ब्राह्मण धर्म के अन्धविश्वासों तथा कर्मकाण्डों की व्यापक आलोचना की, जिससे ब्राह्मणों को अपने धर्म की कुरीतियों और दोषों का ज्ञान हुआ। अपने धर्म के अस्तित्व को बचाए रखने के लिए यह  आवश्यक हो गया कि वे (ब्राह्मण) उसमें सुधार करें। अतः जैन धर्म के कारण तत्कालीन प्रचलित ब्राह्मण धर्म पहले की अपेक्षा अधिक सरल और आडम्बरहित हो गया।
इतिहास- जैन धर्म [JAINISM] इतिहास- जैन धर्म [JAINISM] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 2:13 PM Rating: 5

इतिहास- सिन्धु सभ्यता का विनाश (DESTRUCTION OF INDUS CIVILIZATION)

DESTRUCTION OF INDUS CIVILIZATION
सिन्धु सभ्यता का विनाश

सिन्धु सभ्यता का विनाश (DESTRUCTION OF INDUS CIVILIZATION)

सिन्धु सभ्यता का विनाश किस प्रकार और कब हुआ ? इस सन्दर्भ में कोई स्पष्ट प्रमाण उपलब्ध नहीं है। अतः अनेक विद्वानों ने कल्पना तथा अनुमान के आधार पर इस सभ्यता के विनाश के कई कारण बताये हैं, जिनका विवरण निम्नांकित है-

(i) बाहरी आक्रमण- अनेक विद्वानों का अनुमान है कि किसी बाहरी जाति के आक्रमणकारियों ने इस सभ्यता का विनाश किया। सिन्धु सभ्यता के निवासी समृद्ध और शान्तिप्रिय थे। उनके नगरों की सुरक्षा समुचित प्रबन्ध नहीं था और न ही उनके पास अच्छे हथियार थे। इसलिए वे बर्बर जातियों के आक्रमण का शिकार हुए होंगे। मोहनजोदड़ो में सड़कों, गलियों तथा आंगन आदि में अनेक अस्थिपंजर मिले। इससे यह निष्कर्ष निकाला गया कि बाहरी लोगों ने उन पर अचानक आक्रमण कर दिया और उनकी हत्या कर दी। किन्तु यह मत उचित प्रतीत नहीं होता, क्योंकि उत्खनन में जो अस्थियाँ प्राप्त हुई हैं,वे एक ही नस्ल की हैं । यदि बाहरी आक्रमण हुआ होता तो आक्रमणकारी भी मारे गये होते, तो उनकी भी अस्थियाँ मिलनी चाहिए थीं ।

(ii) जलवायु परिवर्तन- अनेक विद्वानों का अनुमान है कि जलवायु परिवर्तन के कारण सिन्ध सभ्यता का विनाश हुआ होगा। विद्वानों का मत है कि प्रारम्भ में सिन्धु प्रदेश में वर्षा प्रचुर रूप से होती थी, किन्तु कालान्तर में वर्षा कम होने लगी और धीरे-धीरे प्रदेश रेगिस्तान बन गया। अतः उजाड़ हो गए। नगर विद्वानों के इस अनुमान में कुछ सार प्रतीत होता है,क्योंकि संसार के अनेक क्षेत्रों की जलवायु में तीव्र परिवर्तन हुए, जिससे जो क्षेत्र कभी हरे-भरे थे वे आगे चलकर उजाड़ हो गए थे। यदि सिन्धु सभ्यता में भी कुछ ऐसा ही हुआ हो, तो कोई आश्चर्य की बात नहीं है।

(iii) बाढ़- कुछ विद्वानों का अनुमान है कि सिन्धु तथा इसकी सहायक नदियों की बाढ़ों ने मोहनजोदड़ो तथा हड़प्पा नगरों का विनाश किया था। यहाँ पर उत्खनन में सिन्धु नदी के वर्तमान तल से इक्कीस मीटर ऊंचाई पर नदी की रेत तथा मिट्टी मिली है। इससे स्पष्ट होता है कि नदियों में बाढ़ का पानी कभी-कभी इक्कीस मीटर तक ऊंचा चढ़ जाता था।

(iv) भूकम्प- कुछ इतिहासकारों का मत है कि सम्भवतः किसी शक्तिशाली भूकम्प के द्वारा इस सभ्यता का विनाश हुआ होगा।
इतिहास- सिन्धु सभ्यता का विनाश (DESTRUCTION OF INDUS CIVILIZATION) इतिहास- सिन्धु सभ्यता का विनाश (DESTRUCTION OF INDUS CIVILIZATION) Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 11:21 AM Rating: 5

इतिहास- सिन्धु सभ्यता की देन एवं विदेशों से सम्बन्ध [CONTRIBUTION OF INDUS CIVILIZATION AND RELATION OF INDUS CIVILIZATION WITH FOREIGIN COUNTRIES]

CONTRIBUTION OF INDUS CIVILIZATION AND RELATION OF INDUS CIVILIZATION WITH FOREIGIN COUNTRIES
सिन्धु सभ्यता की देन एवं विदेशों से सम्बन्ध

सिन्धु सभ्यता की देन [CONTRIBUTION OF INDUS  CIVILIZATION]

इतिहासकारों का मानना है कि सिन्धु घाटी सभ्यता सभी प्राचीन सभ्यताओं में सर्वश्रेष्ठ थी। सिन्धु सभ्यता की देन के विषय में डॉ. राधाकुमुद मुखर्जी ने लिखा है, "सिन्धु सभ्यता के लोगों ने सबसे पहले नगर दिए, सबसे पहले नागरिक सभ्यता प्रदान की, सबसे पहले नगर योजना उपलब्ध कराई, बाढ़ से बचने के लिए सबसे पहले पत्थर और ईटों के बाँध दिए और सफाई के लिए सबसे पहले जल निकास व्यवस्था प्रदान की। उनको ही सबसे पहले मिट्टी के बर्तन बनाने का श्रेय प्राप्त है।"

सिन्धु सभ्यता का विदेशों से सम्बन्ध (RELATION OF INDUS CIVILIZATION WITH FOREIGIN COUNTRIES)

सिन्धु सभ्यता के विभिन्न स्थलों के उत्खनन से ज्ञात होता है कि सिन्धु सभ्यता के लोगों के विश्व के अन्य देशों के साथ भी सम्बन्ध थे। यह सम्बन्ध राजनीतिक थे अथवा नहीं ? इसमें सन्देह है, किन्तु यह निश्चित है कि उनके अन्य देशों से व्यापारिक सम्बन्ध थे। सिन्धु सभ्यता के व्यापारिक आदान-प्रदान ने सांस्कृतिक क्षेत्र में भी एक-दूसरे को प्रभावित किया। उदाहरण के तौर पर कहा जा सकता है कि सिन्धु एवं सुमेर सभ्यता में काफी समानता है। सुमेर में अनेक मुहरें  प्राप्त हुई हैं जो सिन्धु सभ्यता की मुहरों से एकरूपता रखती हैं, परन्तु दोनों सभ्यताओं में किसने किसको प्रभावित किया, इस विषय पर विद्वान एकमत नहीं हैं। इसी प्रकार मिस्र में मिले आभूषणों और श्रृंगार के प्रसाधनों से स्पष्ट होता है कि वे सिन्धु सभ्यता के आभूषणों व श्रृंगार प्रसाधनों के लगभग समान ही हैं। इससे स्पष्ट होता है कि सिन्धुवासियों का विश्व की अन्य प्राचीन सभ्यताओं से घनिष्ठ सम्बन्ध था।
इतिहास- सिन्धु सभ्यता की देन एवं विदेशों से सम्बन्ध [CONTRIBUTION OF INDUS CIVILIZATION AND RELATION OF INDUS CIVILIZATION WITH FOREIGIN COUNTRIES] इतिहास- सिन्धु सभ्यता की देन एवं विदेशों से सम्बन्ध [CONTRIBUTION OF INDUS  CIVILIZATION AND RELATION OF INDUS CIVILIZATION WITH FOREIGIN COUNTRIES] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 11:18 AM Rating: 5

इतिहास- सिन्धु सभ्यता की विज्ञान एवं तकनीकी [SCIENCE AND TECHNOLOGY OF INDUS CIVILIZATION]

SCIENCE AND TECHNOLOGY OF INDUS CIVILIZATION
सिन्धु सभ्यता की विज्ञान एवं तकनीकी

सिन्धु सभ्यता की विज्ञान एवं तकनीकी [SCIENCE AND TECHNOLOGY OF INDUS CIVILIZATION]

सिन्धु सभ्यता के अन्तर्गत उत्खनन से प्राप्त सामग्री के आधार पर तत्कालीन विज्ञान एवं तकनीकी के विकास की जानकारी प्राप्त होती है। उत्खनन से प्राप्त तोल और माप के निश्चित साधनों से ज्ञात होता है कि सिन्धु सभ्यता के लोग अंकगणित से भलीभाँति परिचित थे। उत्खनन से प्राप्त बाँटों में दशमलव इकाइयों के आधार पर यह अनुमान भी लगाया जाता है कि सिन्धुवासी दशमलव पद्धति से परिचित थे। सिन्धु सभ्यता की भवन और नगरनिर्माण की निश्चित योजना से स्पष्ट है कि सिन्धुवासी ज्यामिति के उच्च सिद्धान्तों से परिचित थे । विद्वानों का मानना है कि सिन्डवासियों को ज्योतिष विज्ञान के सिद्धान्तों की भी जानकारी थी। सार्वजनिक स्वास्थ्य और सफाई के प्रति सिन्डवासियों की जागरूकता इस बात का संकेत है कि सिन्धु सभ्यता के लोग रोगों से बचने का उपाय जानते थे और उन्हें चिकित्सा विज्ञान सम्बन्धी ज्ञान भी था। उत्खनन से कुछ ऐसे पदार्थ मिले हैं, जो कदाचित औषधि के रूप में प्रयुक्त होते थे; उदाहरणार्थ- मोहनजोदड़ो से शिलाजीत मिला है, हिरन के सींग का चूर्ण औषधि के रूप में प्रयुक्त किया जाता था, कहीं-कहीं पर समुद्रफेन भी प्राप्त हुआ है ।
सिन्धु सभ्यता में पाषाण प्रौद्योगिकी के अन्तर्गत बड़े पैमाने पर समानान्तर फलकों का उत्पादन,मनके बनाने की कला और सेलखड़ी की आयताकार मोहरें बनाने की तकनीक शामिल है। इसी प्रकार धातु प्रौद्योगिकी के अन्तर्गत प्राप्त ताम्र-काँस्य वस्तुएँ, धातु-कर्म तकनीक का संकेत देती हैं। सिन्धु सभ्यता के लोग सोना, चांदी, टिन, सीसा और तबा धातुओं से परिचित थे। सिन्धुवासी इन धातुओं से मात्र परिचित ही नहीं अपितु इन्हें गलाने की तकनीक तथा इनका मिश्रण करने की तकनीक में भी काफी दक्ष थे। उत्खनन से विविध धातुओं से बनी अनेक वस्तुएँ प्राप्त हुई हैं जिनमें औजार, हथियार, आभूषण बर्तन, मूर्तियाँ और खिलौने उल्लेखनीय हैं। मोहनजोदड़ो से ताँबे का बना एक कुबड़दार बैल का खिलौना, ताँबे के कलश में रखा हुआ पीतल का बना बकरी का खिलौना, ताँबे और पीतल के बने अन्य खिलौने, स्वर्ण निर्मित नर्तकियों की मूर्तियाँ आदि मिली हैं, इसी प्रकार चन्हुदड़ो से पीतल की बनी एक बतख मिली है, इसके अतिरिक्त सोने-चाँदी के अनेक आभूषण भी प्राप्त हुए हैं। इन उदाहरणों से स्पष्ट है कि सिन्ध सभ्यता के लोग धातु-विज्ञान उत्कृष्ट ज्ञान रखते थे।
हड़प्पा, मोहनजोदड़ो और कालीबंगा आदि स्थानों से प्राप्त सामग्री में विद्यमान समानता इस सभ्यता के तकनीकी ज्ञान को स्पष्ट रूप से उजागर करती है। सिन्धु सभ्यता के अन्तर्गत कृषि, नगर-नियोजन, भवन-निर्माण, जल निकासी उद्योग-धन्धों और अन्य क्षेत्रों में जो उन्नति देखने को मिलती ,उससे के लोग विज्ञान और तकनीकी अनुसन्धान में गहन रुचि रखते थे।
इतिहास- सिन्धु सभ्यता की विज्ञान एवं तकनीकी [SCIENCE AND TECHNOLOGY OF INDUS CIVILIZATION] इतिहास- सिन्धु सभ्यता की विज्ञान एवं तकनीकी [SCIENCE AND TECHNOLOGY OF INDUS CIVILIZATION] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 11:07 AM Rating: 5

इतिहास- सिन्धु सभ्यता में कला का विकास [DEVELOPMENT OF ART IN INDUS CIVILIZATION]

DEVELOPMENT OF ART IN INDUS CIVILIZATION
सिन्धु सभ्यता में कला का विकास

सिन्धु सभ्यता में कला का विकास [DEVELOPMENT OF ART IN INDUS CIVILIZATION]

सिन्धु सभ्यता के विभिन्न स्थलों के उत्खनन से अनेक मूर्तियाँ, बर्तन, कलश, मुहरें, आभूषण आदि प्राप्त हुए हैं, जिनसे तत्कालीन कला एवं ललित कला के विकास पर पर्याप्त प्रकाश पड़ता है।

(1) स्थापत्य कला- सिन्धु के लोग उच्चकोटि के इंजीनियर थे। विशाल सभ्यता अन्नागार तथा सार्वजनिक स्नानागार बनाना, साधारण कोटि के शिल्पियों का काम नहीं था। उत्खनन में प्राप्त सुनियोजित नगर, भवन, सार्वजनिक स्नानागार व अन्नागार आदि उनकी स्थापत्य कला को प्रमाणित करते हैं।

(2) मूर्तिकला- मूर्तिकला के क्षेत्र में सिन्धुवासियों ने विशेष उन्नति की थी। विभिन्न स्थलों के उत्खनन में मिट्टी, पत्थर और धातु से बनी अनेक मूर्तियाँ प्राप्त हुई हैं, जिससे स्पष्ट होता है कि सिन्धुवासी मूर्तिकला में अत्यंत दक्ष थे
होता है कि सिन्धुवासी मूर्तिकला में अत्यन्त दक्ष थे। मोहनजोदड़ो से प्राप्त मूर्तियों में बैठे हुए पुरुष की मूर्ति सर्वोत्तम, यह मूर्ति किसी देवता अथवा धार्मिक गुरु की प्रतीत होती है। खुदाई में कांसे की नर्तकी की मूर्ति भी मिली है, यह त्रिभंगी मुद्रा में खड़ी हुई। इन मूर्तियों में सजीवता दृष्टिगोचर होती है और इनमें शरीर के अंगों को स्पष्ट तथा वास्तविक रूप में दर्शाया गया है।

(3) चित्रकला- सिन्धु सभ्यता के लोग चित्रकला से भी परिचित थे। उनकी चित्रकारी के नमूने बर्तनों और खिलौनों
आदि पर देखने को मिलते हैं। इस काल में प्रायः बेल-बूटे, पशु-पक्षी तथा पेड़-पत्तियों के चित्र बनाए जाते थे।

(4) संगीत व नृत्य कला- सिन्धु सभ्यता के लोग नृत्य तथा संगीत कला से भी परिचित थे। खुदाई से प्राप्त नर्तकी की मूर्ति व ढोल-तबले से मिलते-जुलते चित्रों से स्पष्ट है कि इस काल में संगीत एवं है नृत्य कला भी उन्नत अवस्था में थी।
(5) धातु कला- सिन्धु सभ्यता के लोग धातु कला से भी परिचित थे। धातु कला के अन्तर्गत ये लोग सोने, चांदी और ताँबे आदि के आभूषणों का निर्माण करते थे। ये लोग लोहे से परिचित नहीं थे।

(6) मुहर निर्माण कला- सिन्धु सभ्यता के विभिन्न स्थलों की खुदाई में मुहरें बहुतायत में प्राप्त हुई हैं। ये मुहरें लाख, पत्थर और चमड़े आदि पर बनी हुई हैं। इनमें से बहुत सी मुहरों पर सांड, हाथी, बारहसिंगा आदि पशुओं की आकृतियाँ बनी हुई है।

(7) लेखन कला- सिन्धु सभ्यता की खुदाई से प्राप्त वस्तुओं से ज्ञात होता है कि सिंधु सभ्यता के लोगों को लिखने की कला का ज्ञान था । सिन्धु वासियों की लिपि चित्रात्मक थी। इस लिपि के प्रत्येकचित्र से किसी  एक विशेष शब्द बोध है। किन्तु अभी तक इस लिपि को पड़ा नहीं जा सका है।
इतिहास- सिन्धु सभ्यता में कला का विकास [DEVELOPMENT OF ART IN INDUS CIVILIZATION] इतिहास- सिन्धु सभ्यता में कला का विकास [DEVELOPMENT OF ART IN INDUS CIVILIZATION] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 11:02 AM Rating: 5

इतिहास- सिन्धु सभ्यता का राजनीतिक स्वरूप, नगर निर्माण एवं वास्तुकला [POLICAL NATURE, TOWN CONSTRUCTION AND ART OF BUILDING OF INDUS CIVILIZATION]

POLICAL NATURE, TOWN CONSTRUCTION  AND ART OF BUILDING OF INDUS  CIVILIZATION
सिन्धु सभ्यता का राजनीतिक स्वरूप, नगर निर्माण एवं वास्तुकला

सिन्धु सभ्यता का राजनीतिक स्वरूप [POLICAL NATURE OF INDUS  CIVILIZATION]

सिन्धु सभ्यता के राजनीतिक स्वरूप का निर्धारण करना एक दुष्कर कार्य है, फिर भी विभिन्न विद्वानों ने इस विषय पर विभिन्न मत प्रतिपादित किए हैं। इस सन्दर्भ में हण्टर महोदय का विचार है कि सिन्धु सभ्यता के अन्तर्गत शासन व्यवस्था राजतन्त्रात्मक नहीं बल्कि लोकतन्त्रात्मक थी, जबकि मैके के अनुसार मोहनजोदड़ो में एक प्रतिनिधि शासक प्रशासन करता था। इसी सन्दर्भ में व्हीलर महोदय का विचार है कि मोहनजोदड़ो की शासन व्यवस्था धर्म गुरुओं और पुरोहितों के हाथों में केन्द्रित थी। सिन्धु सभ्यता के अन्तर्गत योजनाबद्ध निर्माण को देखते हुए यह माना जाता है कि नगरपालिका जैसी कोई सार्वजनिक संस्था अवश्य रही होगी। इस सन्दर्भ में विद्वान लेखक गार्डन चाइल्ड का कथन है, "सिन्धु सभ्यता के निवास गृहों, सार्वजनिक भवनों, स्नानागारों, विभिन्न मागों आदि का नियोजन तथा व्यवस्थित रूप यह प्रमाणित करता है कि यहाँ का प्रशासन विकसित एवं सुसंगठित था।" सिन्ध सभ्यता के राजनीतिक जीवन के जो भी प्रमाण उपलब्ध हैं, उनके आधार पर यह कहा जा सकता है कि यहाँ का नागरिक जीवन सुरक्षित, शान्तिपूर्ण तथा व्यवस्थित था।

नगर निर्माण एवं वास्तुकला (TOWN CONSTRUCTION  AND ART OF BUILDING)

(1) नगर निर्माण योजना- सिंधु सभ्यता का स्वरूप नगरीय था। सिन्धु सभ्यता की नगर योजना की आधार सामग्री हड़प्पा, मोहनजोदड़ों, चंहुदड़ों, कालीबंगा, लोथल बगावती से प्राप्त होती है। सिंधु सब्यता कालीन नगरों में  चौड़ी-चौड़ी  सड़के पूर्व से पश्चिम और उत्तर से दक्षिण दिशा की ओर जाती थीं, जो प्राय: एक-दूसरे को समकोण पर काटती थीं। इस प्रकार प्रत्येक नगर अनेक खण्डों में अर्थात् मोहल्लों में बंट जाता था। प्रमुख सड़कों
गलियाँ निकलती थीं, जो एक से दो मीटर चौड़ी होती थीं। मोहनजोदड़ो में एक 11 मीटर चौड़ी सड़क भी थी, जो सम्भवतः राजमार्ग रही होगी। नगरों में जल निकासी की समुचित व्यवस्था होती थी । सड़कों के किनारे नालियाँ होती थीं,जो पक्की व ढकी हुई होती थीं।

(2) भवन निर्माण- सिन्धु सभ्यता के लोग नगर निर्माण की भाँति भवन निर्माण में भी अत्यन्त कुशल थे। इस तथ्य की पुष्टि हड़प्पा और मोहनजोदड़ो से प्राप्त भग्नावशेषों से होती है। सिन्धु सभ्यता में विभिन्न प्रकार के भवन प्राप्त हुए हैं, जिनका संक्षिप्त विवरण निम्नांकित है-

(क) साधारण भवन- साधारण लोगों के रहने के मकानों का निर्माण सड़क के दोनों ओर किया जाता था। साधारण भवनों का आकार जरूरत के अनुसार छोटा व बड़ा होता था। ये भवन एक से दो मंजिल तक होते थे।  ऊपर की मंजिल पर जाने के लिए पत्थरों व ईंटों की सीढ़ियाँ होती थीं। भवन को बनाते समय हवा व प्रकाश का पूर्ण ध्यान रखा जाता था। भवनों में दरवाजे, खिड़कियाँ एवं रोशनदान, रसोईघर,स्नानगृह, आंगन व कुंआ भी होते थे। दरवाजे व छत लकड़ी के बनाए जाते थे। भवनों के दरवाजे मुख्य सड़क पर न खुलकर गली में खुलते थे । दीवारें बहुत मोटी बनाई जाती थीं। फर्श ईंटों, खड़िया और गारे से बनाया जाता था। भवनों में जल निकास की समुचित व्यवस्था की जाती थी ।

(ख) सार्वजनिक एवं राजकीय भवन- सिन्धु सभ्यता के विभिन्न स्थलों के उत्खनन के परिणामस्वरूप यह तथ्य प्रकाश में आया है कि साधारण भवनों के अतिरिक्त यहाँ पर सार्वजनिक एवं राजकीय भवन भी थे। मोहनजोदडो में एक विशाल भवन के अवशेष प्राप्त होते हैं, जो लगभग 10 मीटर लम्बा व 24 मीटर चौड़ा है,इस भवन की दीवारें 1.50 मीटर मोटी हैं। इस विशाल भवन में अनेक कमरे भण्डारागार व दो आगन हैं। मोहनजोदडो में इसी
एक अन्य विशाल भवन और प्राप्त हुआ है, जो 71 मीटर लम्बा और इतना ही चौडा है। इसमें प्रकार का एक विशाल हॉल है, जिसकी छत 20 स्तम्भों पर टिकी हुई है, इसके फर्श पर अनेक स्थानों पर चौकियाँ बनी हुई हैं। सम्भवतः इस भवन का प्रयोग विचार विनिमय के लिए होता होगा।

(ग) सार्वजनिक स्नानागार- मोहनजोदडो की खुदाई से एक विशाल स्नानागार भी प्राप्त हुआ है। यह विशाल स्नानागार एक विशाल भवन के मध्य में स्थित है। स्नानागार का जलाशय आयताकार है। यह 39 फीट चौड़ा व 8 फीट गहरा है। इसके प्रत्येक ओर जल तक पहुँचने के लिए ईंटों की सीढ़ियाँ हैं। जलाशय की दीवार व फर्श पक्की ईटों हआ है। जलाशय में जल निकास की समुचित व्यवस्था की गई थी। जलाशय के चारों ओर बरामदे हैं का बना तथा इनके पीछे कमरे बने हुए हैं। इतिहासकारों का अनमान है कि यह जलाशय सम्भवतः धार्मिक महत्व रखता था तथा पवित्र पर्वों पर लोग इसमें स्नान करते थे ।

(घ) अन्न भण्डारागार- हड़प्पा एवं मोहनजोदड़ो से कुछ अन्य विशाल भवन भी मिले है, जिन्हें इतिहासकार अन्न भण्डारगृह मानते हैं। यह अन्न भण्डारागार हड़प्पा में राजमार्ग के दोनों ओर 1.25 मीटर ऊंचे चबूतरों पर छह-छह की पंक्तियों में बने हुए हैं। अन्न भण्डारागारों की लम्बाई 18 मीटर और चौड़ाई 7 मीटर है।
इतिहास- सिन्धु सभ्यता का राजनीतिक स्वरूप, नगर निर्माण एवं वास्तुकला [POLICAL NATURE, TOWN CONSTRUCTION AND ART OF BUILDING OF INDUS CIVILIZATION] इतिहास- सिन्धु सभ्यता का राजनीतिक स्वरूप, नगर निर्माण एवं वास्तुकला [POLICAL NATURE, TOWN CONSTRUCTION  AND ART OF BUILDING OF INDUS  CIVILIZATION] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 10:56 AM Rating: 5

इतिहास- सिन्धु सभ्यता का आर्थिक जीवन [ECONOMIC LIFE OF INDUS CIVILIZATION]

ECONOMIC LIFE OF INDUS CIVILIZATION
सिन्धु सभ्यता का आर्थिक जीवन

सिन्धु सभ्यता का आर्थिक जीवन [ECONOMIC LIFE OF INDUS CIVILIZATION]

सिन्धु सभ्यता के विभिन्न स्थलों के उत्खनन से प्राप्त किए गए अवशेषों से ज्ञात होता है कि सिन्धु सभ्यता के लोगों की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ थी।

(1) कृषि- सिन्धु सभ्यता के निवासियों का मुख्य व्यवसाय कृषि था। यहाँ कपास, मटर, तिल तथा विभिन्न प्रकार के फल उगाए जाते थे। डॉ.ए. एल.वाशम के अनुसार सिन्धुवासियों को चावल का ज्ञान नहीं था, परन्तु अब लोथल, रंगपुर आदि स्थानों पर चावल के अवशेष प्राप्त होने से यह विचार बन गया है कि सिन्धुवासी चावल की भी खेती करते थे।

(2) पशुपालन- सिंधु सभ्यता के लोग कृषि के अतिरिक्त पशुपालन भी करते थे। पुरातात्विक स्रोतों से ज्ञात होता है कि ये लोग गाय, बैल, भेड़, बकरी व कुता आदि पालते थे, ये लोग सम्भवतः अश्व से अपरिचित थे।

(3) कपड़े बुनना-  सिन्धु सभ्यता के काल में बड़े पैमाने पर सूती कपड़ा बनाया जाता था। विभिन्न स्थलों की खुदाई में सूत कातने के चरखे और तकलियाँ बड़ी मात्रा में प्राप्त हुई हैं, जिससे पता चलता है कि सिन्धु सभ्यता के
घर-घर में कताई-बुनाई का काम होता था ।

(4) उद्योग व अन्य व्यवसाय-  सभ्यता के लोग शिल्पकला में अत्यन्त दक्ष थे। ये लोग विविध उद्योग-धन्ये भी किया करते थे। सिन्धु सभ्यता में वस्त्र निर्माण, आभूषण बनाना और मिट्टी के बर्तन बनाना आदि उद्योग-धन्धे प्रचलित थे। इसके अतिरिक्त सिन्धु सभ्यता के लोग कताई-बुनाई, रंगसाजी, कुम्हारगिरी, लोहारगिरी, सुनारगिरी व बढ़ईगिरी आदि के व्यवसाय किया करते थे।

(5) व्यापार- सिन्धु सभ्यता के लोग सुमेरिया, बेबीलोन, अफगानिस्तान, बिलोचिस्तान, मिस्र आदि देशों से व्यापार करते थे। वैदेशिक व्यापार थल व जल दोनों ही मार्गों से किया जाता था। थल पर बैलगाड़ियों एवं जल में जहाजों का प्रयोग किया जाता था। इस सभ्यता के प्रमुख बन्दरगाह लोथल और सोल्काकोह थे।
इतिहास- सिन्धु सभ्यता का आर्थिक जीवन [ECONOMIC LIFE OF INDUS CIVILIZATION] इतिहास- सिन्धु सभ्यता का आर्थिक जीवन [ECONOMIC LIFE OF INDUS CIVILIZATION] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 10:49 AM Rating: 5

इतिहास- सिन्धु सभ्यता का धार्मिक जीवन [RELIGIOUS LIFE OF INDUS CIVILIZATION]

RELIGIOUS LIFE OF INDUS  CIVILIZATION
सिन्धु सभ्यता का धार्मिक जीवन 

सिन्धु सभ्यता का धार्मिक जीवन [RELIGIOUS LIFE OF INDUS  CIVILIZATION]

सिन्धु सभ्यताकालीन धार्मिक जीवन के विषय में जानने के लिए पूर्णतः पुरातात्विक स्रोतों का ही सहारा लेना पड़ता है। पुरातात्विक स्रोतों के अतिरिक्त मेसोपोटामिया से प्राप्त लेख (जिनको पढ़ा जा चुका है) सिन्धु सभ्यताकालीन धर्म के विषय में जानकारी प्रदान करने में सहायक हैं। इन स्रोतों से ज्ञात होता है कि सिन्धु सभ्यताकालीन लोग निम्नांकित पूजा किया करते थे-

(1) मातृ देवी की पूजा-  मातृ देवी सिन्धु सभ्यता के लोगों की प्रधान देवी थीं, जिनकी अनेक मूर्तियाँ खुदाई से प्राप्त हुई हैं। मातृ देवी की कुछ मूर्तियों में उन्हें आभूषण युक्त तथा कुछ में आभूषणविहीन दिखाया गया है । मातृ देवी की मूर्तियाँ धुएँ से रंगी हुई मिली हैं। अर्नेस्ट मैके का विचार है कि पूजा के समय इन मूर्तियों के सामने धूप जलाई जाती होगी। सिन्धु  सभ्यता के लोग मातृ देवी को सम्पूर्ण लोक की जननी एवं पोषिका मानते थे। सम्भवत: मातृ देवी की पूजा के समय बलि भी दी जाती थी।

(2) शिव पूजा- हड़प्पा की खुदाई में एक ऐसी मूर्ति प्राप्त हुई है, जिससे शिव पूजा की जानकारी मिलती है। इस मूर्ति में एक पुरूष देवता को एक उच्च सिंहासन पर योगासन को मुद्रा में बैठा हुआ दिखाया गया है, जिनके तीन
मुख व तीन नेत्र हैं। उनके सिर पर सींगों वाला ऊंचा मुकुट, जो त्रिशूल की शक्ल का है, धारण है। विद्वानों का यह मानना है कि यह शिव  की मूर्ति है। इस मूर्ति के अतिरिक्त हड़प्पा से मोहनजोदड़ो से अनेक लिंगों का प्राप्त होना भी इस बात की पुष्टि करता है कि 'शिव' सिन्धु सभ्यता के प्रमुख देवता थे।

(3) योनि पूजा- सिन्धु सभ्यता की खुदाई से अनेक छल्ले प्राप्त हुए हैं, जो सीप, मिट्टी और पत्थर आदि के बने हुए हैं। इतिहासकारों का मानना है कि ये छल्ले देवियों को योनि के प्रतीक थे, जिनकी पूजा की जाती थी।

(4) पशु पूजा- सिन्धु सभ्यता की खुदाई में प्राप्त अनेक मुद्राओं पर बैल, भैस आदि पशुओं के चित्र मिलते है, जिनसे उस समय पशु पूजा किये जाने का अनुमान किया जाता है।

(5) सूर्य पूजा— सिन्धु सभ्यता की खुदाई में प्राप्त कुछ मुद्राओं पर सूर्य के चिन्ह मिलते है, जिनसे यह अनुमान लगाया जाता है कि सिन्धु लोग सूर्य-पूजा करते थे।

(6) वृक्ष पूजा— सिन्धु सभ्यता के लोग वृक्षों की भी पूजा करते थे। उस समय नीम, खजूर, शीशम, बबूल व पीपल आदि वृक्षों की पूजा की जाती थी, किन्तु सर्वाधिक पवित्र वृक्ष पीपल माना जाता था।

(7) मृतक संस्कार- हड़प्पा और मोहनजोदड़ो के उत्खनन से प्राप्त सामग्री से ज्ञात होता है कि सिन्धु सभ्यता के लोग मृतक संस्कार के लिए तीन प्रकार की विधियाँ अपनाते थे- 
(i) मृतक को ज्यों-का-त्यों दफनाना, 
(ii) मृतक को पहले पशु-पक्षियों का आहार बनने के लिए खुले में छोड़ना और फिर उसकी अस्थियों को दफनाना, 
(iii) मृतक को जलाकर उसकी राख व अस्थियों को कलश में भरकर भूमि में गाड़ना। उत्खनन में ऐसे अनेक कलश प्राप्त होने से इतिहासकारों ने अनुमान लगाया है कि उस समय मृतक संस्कार की यह विधि सर्वाधिक प्रचलित रही होगी।
इतिहास- सिन्धु सभ्यता का धार्मिक जीवन [RELIGIOUS LIFE OF INDUS CIVILIZATION] इतिहास- सिन्धु सभ्यता का धार्मिक जीवन [RELIGIOUS LIFE OF INDUS  CIVILIZATION] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 10:46 AM Rating: 5

इतिहास- सिन्धु सभ्यता का सामाजिक जीवन [SOCIAL LIFE OF INDUS CIVILIZATION]

SOCIAL LIFE OF INDUS  CIVILIZATION
सिन्धु सभ्यता का सामाजिक जीवन

सिन्धु सभ्यता का सामाजिक जीवन (SOCIAL LIFE OF INDUS  CIVILIZATION)

लिखित साक्ष्यों के अभाव में यद्यपि सिन्धु सभ्यता के सामाजिक जीवन के विषय में  जानना एक दुष्कर कार्य है, फिर भी उत्खनन से प्राप्त सामग्री से सिन्धु सभ्यता के लोगों की सामाजिक स्थिति, विशेषकर तत्कालीन खान- पान, वेश-भूषा, आभूषण आदि के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त होती है।

(1) सामाजिक संगठन- सिन्धु सभ्यता का समाज जातियों में विभाजित नहीं था। सम्भवतः उनका समाज विभिन्न वर्गों में विभाजित था। मुख्यतः उसमें चार श्रेणियाँ थीं । प्रथम, बुद्धिजीवी वर्ग जिसमें पुरोहित, चिकित्सक और ज्योतिषी आदि सम्मिलित थे। द्वितीय, योद्धा वर्ग जो सैनिक वर्ग था। तृतीय, व्यापारियों, शिल्पियों, कलाकारों आदि का वर्ग था। चतुर्थ, श्रमिक वर्ग था, जिसमें किसान, मजदूर, मछली पकड़ने वाले, गृह सेवक आदि सम्मिलित थे।

(2) भोजन- सिन्धु सभ्यता के निवासियों का मुख्य भोजन गेहूं, जौ, दूध, फल और मछली का माँस था। गेहूं और जौ पीसने के लिए चक्कियाँ नहीं थीं, बल्कि उन्हें ओखलियों में कूटकर उनका आटा बनाया जाता था। यहाँ के लोग मुर्गों, गाय, भैंस, सुआर, घड़ियाल और कछुओं आदि के माँस का भी प्रयोग करते थे। इसके अतिरिक्त वे सब्जियों का भी प्रयोग करते थे तथा खजूर भी खाते थे।

(3) वेश-भूषा-- सिन्धु सभ्यता के अन्तर्गत उत्खनन से प्राप्त मूर्तियों से तत्कालीन लोगों की वेश-भूषा के बारे में जानकारी मिलती है। सिन्धु सभ्यता के स्त्री और पुरुषों की वेशभूषा प्रायः समान थी । कमर से नीचे धोती और कमर से ऊपर बायें कन्धे से दायें कन्धे के नीचे दबने वाला शॉल उनके मुख्य वस्त्र थे। यह सिले हुए होते थे या नहीं, यह स्पष्ट नहीं  है। परन्तु उत्खनन में प्राप्त सुइयों से संकेत मिलता है कि यहाँ के निवासी सिलाई करना जानते थे।

(4) प्रसाधन सामग्री एवं आभूषण- सिन्धु सभ्यता के निवासी आभूषण प्रिय थे। वे विभिन्न प्रकार से अपनी साज-सज्जा किया करते थे। वे अपने केश विविध प्रकार से सजाते थे। स्त्री और पुरुष, दोनों ही लम्बे केश रखते  थे। ये लोग अपने केशों में सोने, चांदी अथवा ताँबे के हेयर पिन लगाते थे। सम्भवतः स्त्रियाँ छोटी को बनाया करती थीं। पुरुष दाढ़ी रखते थे, परन्तु मूछों को साफ करने का प्रचलन था। पुरुष, उस्तरे का प्रयोग जानते थे। स्त्रियाँ  सौन्दर्य प्रसाधनों से पूर्णतः अवगत थीं। चेहरे को सुन्दर बनाने के लिए उन्हें काजल, लिपिस्टिक व विभिन्न रंगों के पाउडर आदि का प्रयोग आता था। वे श्रृंगारदान और श्रृंगार की मेज का भी प्रयोग करती थीं।
आभूषणों का प्रयोग स्त्री और पुरुष समान रूप से करते थे। आभूषण, सोना, चांदी, तांबा और हाथी दांत के बनाये जाते थे। वे कीमती पत्थरों और जवाहरातों का प्रयोग करते थे। पुरुष कंठहार, भुजबन्द और अंगूठी का प्रयोग करते थे, जबकि स्त्रियाँ चूड़ियाँ, कड़े, बुन्दे कण्ठहार, टीका तथा कमरबन्द, पायजेब आदि आभूषणों का प्रयोग करती थीं।

(5) आमोद-प्रमोद के साधन--  सिन्धु सभ्यता के विभिन्न स्थलों की खुदाई में क्रीड़ा तथा मनोविनोद की अनेक वस्तुएँ प्राप्त हुई हैं। उनके मनोरंजन के विभिन्न साधन थे। उनके प्रमुख खेल गेंद और चौपड़ थे। इसके अतिरिक्त नाचना, गाना, बजाना, शिकार करना, साँड़ों के व मुर्गे की लड़ाई देखना भी उनके मनोरंजन के साधन थे। बच्चों के मनोरंजन के लिए खिलौने बनाए जाते थे, जो अधिकांशतः मिट्टी के होते थे।

(6) गृहस्थी के उपकरण-  सिन्धु सभ्यता के लोग घरों में उपयोग आने वाली विभिन्न सामग्रियों का प्रयोग करते थे, जो मिट्टी, पत्थर, हाथी,  दाँत, ताँबे और कांसे से बनायी जाती थीं। तश्तरियाँ, कटोरे, घड़े, सुराही, फूलदान, अन्य विभिन्न बर्तन, लकड़ी की कुर्सियाँ, मेज, चारपाई, हाथी दांत की सुइयाँ और कंधे, कुल्हाड़ी, चाकू, मछली का काँटा, आरी, ताँबे और मिट्टी के दीपक आदि विभिन्न वस्तुओं का प्रयोग किया जाता था। मिट्टी की वस्तुओं को पकाया जाता था और उन पर पॉलिश भी की जाती थी।

(7) औषधियाँ- उत्खनन से प्राप्त अवशेषों से ज्ञात होता है कि सिन्धु सभ्यता के लोगों को मानवीय चिकित्सा का ज्ञान था। वे शिलाजीत का प्रयोग जानते थे। कुछ पशुओं की हड्डियों तथा वृक्षों के पत्तों व छालों को औषधि के रूप में प्रयोग करना भी उन्हें आता था। इस तथ्य से ज्ञात होता है कि भारतीयों का आयुर्वेद का चिकित्सा ज्ञान सिन्धु सभ्यता के काल से ही प्रारम्भ होता था। उल्लेखनीय तथ्य यह है कि सिन्धु सभ्यता में खोपड़ी की शल्य चिकित्सा के उदाहरण भी कालीबंगा और लोथल से प्राप्त होते हैं।
इतिहास- सिन्धु सभ्यता का सामाजिक जीवन [SOCIAL LIFE OF INDUS CIVILIZATION] इतिहास- सिन्धु सभ्यता का सामाजिक जीवन [SOCIAL LIFE OF INDUS  CIVILIZATION] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 10:41 AM Rating: 5

इतिहास- सिन्धु सभ्यता के निर्माता [FOUNDERS OF INDUS CIVILIZATION]

FOUNDERS OF INDUS  CIVILIZATION
FOUNDERS OF INDUS  CIVILIZATION

सिन्धु सभ्यता के निर्माता [FOUNDERS OF INDUS  CIVILIZATION]

सिन्धु सभ्यता के निर्माता कौन थे ? यह एक अत्यन्त विवादास्पद प्रश्न है। सिन्ध सभ्यता के निर्माता भारतीय अर्थात् स्थानीय ही थे, अथवा विदेशी यह निर्धारित करना भी एक कठिन कार्य है। विभिन्न विद्वानों ने द्रविड़ों, सुमेरों और आयों आदि को इस सभ्यता का निर्माता माना है।

(1) द्रविड़- अधिकतर विद्वानों, जिनमें राखलदास बनर्जी प्रमुख, का मत है कि द्रविड़ लोग सिन्धु सभ्यता के निर्माता थे । विद्वान व्हीलर ने भी ऋग्वेद में वर्णित 'दस्यु' अथवा 'दास' को सिन्धु सभ्यता के निर्माता माना है।  उनका मानना है कि आर्यों ने इन्हीं दस्युओं से युद्ध किया और उन्हें पराजित कर वे भारत में आगे बढ़े और यहाँ बस गए। वेदों में भी आर्यों  और असुरों के युद्धों का वर्णन है। इससे स्पष्ट होता है कि असुर अर्थात् द्रविड़ ही सिन्धु सभ्यता के निर्माता थे।
आर्यों से पराजित हो जाने के पश्चात् द्रविड़ लोग दक्षिण भारत की ओर चले गए और धीरे-धीरे वे वहाँ बसते चले गये। इसके प्रमाण दक्षिण भारत में प्राप्त बर्तनों, उपकरणों व आभूषणों के रूप में मिलते, जो सिन्धु घाटी में प्राप्त बर्तनों,उपकरणों व आभूषणों के समान हैं। इसके अतिरिक्त बलूचिस्तान में रहने वाली ब्राहुई जाति की भाषा और द्रविड़ भाषा में काफी समानता है। इससे स्पष्ट है कि सिन्धु घाटी की द्रविड़ भाषा से ब्राहुई भाषा की उत्पत्ति हुई हो। लेकिन जब तक यह भाषा सही और पूर्ण रूप से पढ़ी नहीं जाती, तब तक भाषा का यह प्रमाण संदिग्ध है। 

(2) सुमेर- कुछ विद्वान सिन्धु सभ्यता को सुमेर सभ्यता से सम्बन्धित मानते हैं, क्योंकि सिन्धु सभ्यता के अनेक उपकरण व सामग्री उनसे मिलतेजुलते हैं, जैसे- ताँबे व कांसे के पात्र, पकाई हुई ईटें व चित्रलिपि आदि । विद्वान इतिहासवेत्ता गार्डन चाइल्ड का मत है कि सिन्धु सभ्यता के निर्माता सुमेरियन थे, परन्तु इसके लिए अकाट्य और विश्वसनीय प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं। 

(3) आर्य- कुछ विद्वानों जिनमें लक्ष्मणस्वरूप पुसाल्कर एवं रामचन्द्रन प्रमुख हैं,का मत है कि सिन्धु सभ्यता आर्यों की ही सभ्यता थी और आर्य ही इस सभ्यता के निर्माता थे। लेकिन आर्यों को सिन्धु सभ्यता का निर्माता स्वीकार नहीं किया जा सकता क्योंकि आर्यों की सभ्यता और सिन्धु सभ्यता में निम्नांकित प्रमुख अन्तर थे-
(i) आर्य सभ्यता प्रामीण और कृषि प्रधान थी, सिन्धु सभ्यता नगरीय और व्यापार प्रधान थी। 
(ii) आर्य युद्ध प्रिय थे और वे ढाल-कवच आदि का युद्ध में उपयोग करते थे। सिन्ध सभ्यता के लोग शान्तिप्रिय थे और उनके पास युद्ध करने के आयुधों का अभाव था।
(iii) आर्य गाय की पूजा करते थे, जबकि सिन्ध सभ्यता में बैल अधिक सम्माननीय था।
(iv) आर्य सभ्यता के लोग ताँबा,सीसा, कांसा, सोना, चाँदी, लोहा आदि धातुओं का प्रयोग करते थे, लेकिन सिन्धु सभ्यता के लोग पत्थर, लकड़ीताँबा और कांसे का ही विशेष रूप से प्रयोग करते थे।
(vi) सिन्धु सभ्यता के निवासी मूर्तिपूजक थे तथा वे शिव-पूजा, मातृ-पूजा व लिंग-पूजा करते थे। जबकि आर्य सभ्यता के लोग मूर्ति पूजा नहीं करते थे, वे सूर्य, अग्नि, पृथ्वी, इन्द्र, सोम, वरुण आदि की स्तुति मन्त्रों से पूजा करते थे।
उपरोक्त विभिन्नताओं  के कारण इस मत को स्वीकार नहीं किया जा सकता। सिंधु सभ्यता के  उपलब्थ नर-कंकालों से ज्ञात होता है कि यहां पर विभिन्न प्रजातियों के लोग रहते थे।  आर्यों के आगमन से पूर्व ही यहाँ के निवासियों ने विभिन्न प्रजातियों के संपर्क से प्रभावित होकर एक नवीन विकसित सभ्यता का विकास कर लिया था।
इतिहास- सिन्धु सभ्यता के निर्माता [FOUNDERS OF INDUS CIVILIZATION] इतिहास- सिन्धु सभ्यता के निर्माता [FOUNDERS OF INDUS  CIVILIZATION] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 11:53 PM Rating: 5

इतिहास- सिन्धु सभ्यता का काल [PERIOD OF INDUS CIVILIZATION]

PERIOD OF INDUS  CIVILIZATION
सिन्धु सभ्यता का काल

सिन्धु सभ्यता का काल [PERIOD OF INDUS  CIVILIZATION]

सिन्धु सभ्यता की तिथि के विषय में विद्वान् इतिहासकारों एवं पुरातत्ववेत्ताओं के विचारों में पारस्परिक मतभेद हैं। कुछ विचारक इस सभ्यता को विश्व की प्राचीनतम सभ्यता मानते हैं। सर जॉन मार्शल के अनुसार सिन्धु सभ्यता की तिथि 3250 ई. पू. से 2750 ई. पू. थी, जबकि अर्नेस्ट मैके इसे 2800 ई. पू. से 2500 ई.पू. मानते हैं। माधोस्वरूप वत्स का विचार है कि यह सभ्यता 3500 ई.पू. से 2700 ई.पू. की है, जबकि राजबलि पाण्डेय का मानना है कि यह सभ्यता चार हजार ई. पू. से भी प्राचीन है । धर्मपाल अग्रवाल ने कार्बन-14 (14) पद्धति द्वारा सिन्धु सभ्यता की तिथि 2300 ई.पू. से 1750 ई.पू. मानी है,जबकि आल्विन इसे 2150 ई.पू.से 1750 ई.पू .मानते हैं।
उपरोक्त सभी विचारों और समस्त साक्ष्यों का अध्ययन करने के उपरान्त धर्मपाल अग्रवाल ने यह मत प्रतिपादित किया कि सिन्धु सभ्यता की तिथि 2300 ई.पू. से 1750 ई.पू. थी। उपरोक्त तिथियों में यही तिथि अधिक विश्वसनीय मानी जा सकती है। यद्यपि सिन्धु सभ्यता की तिथि में मतभेद , किन्तु इसमें कोई सन्देह नहीं है कि यह विश्व की प्राचीनतम सभ्यताओं में से एक थी। 
इतिहास- सिन्धु सभ्यता का काल [PERIOD OF INDUS CIVILIZATION] इतिहास- सिन्धु सभ्यता का काल [PERIOD OF INDUS  CIVILIZATION] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 11:46 PM Rating: 5

इतिहास- सिन्धु सभ्यता के महत्त्वपूर्ण स्थल [IMPORTANT PLACES OF INDUS CIVILIZATION]

IMPORTANT PLACES OF INDUS CIVILIZATION
सिन्धु सभ्यता के महत्त्वपूर्ण स्थल

सिन्धु सभ्यता के महत्त्वपूर्ण स्थल [IMPORTANT PLACES OF INDUS CIVILIZATION]

(1) हड़प्पा- हड़प्पासिन्धु सभ्यता का महत्वपूर्ण एवं प्रमुख स्थल माना जाता है। यह नगर पश्चिमी पंजाब के मॉण्टगुमरी जिले में लाहौर से लगभग 100 मील की दूरी पर स्थित है। 1921 ई. में रायबहादुर दयाराम साहनी ने इस स्थल की खुदाई करायी थी।  यह नगर सिन्धु सभ्यता का सबसे बड़ा नगर था। इसमें  समानान्तर चतुर्भुज के आकार का एक दुर्ग था, जिसमें छह कोठार मिले हैं। यहाँ के निवासी पक्के मकानों में रहते थे।

(2) मोहनजोदड़ो- मोहनजोदड़ो भी सिन्धु सभ्यता का प्रमुख नगर था। 1922 ई. में राखलदास बनर्जी ने इस स्थान की खोज की थी। मोहनजोदड़ो, वर्तमान पाकिस्तान के सिन्धु प्रान्त में लरकाना जिले में स्थित है। मोहनजोदड़ो का शाब्दिक अर्थ- 'मृतकों का टीला' है। इस नगर का यह नाम इस कारण पड़ा, क्योंकि इस नगर की खुदाई में सात तहें मिली, अतः यह नगर सात बार बना और सात बार नष्ट हुआ। इस नगर का निर्माण एक निश्चित योजना के आधार पर किया गया था। यहाँ सड़कों तथा नालियों का समुचित प्रबन्ध था। यहाँ के प्रत्येक मकान में स्नानागार भी होता था।

(3) चंहुदड़ो- चन्हुदड़ो, मोहनजोदड़ो से 130 किलोमीटर की दूरी पर दक्षिण-पश्चिम में स्थित है। सिन्धु नदी यहाँ से वर्तमान में लगभग 21 किलोमीटर दूर से बहती है, किन्तु सिन्धु सभ्यता के काल में वह इसके बिल्कुल समीप बहती थी। चन्हुदड़ो, मोहनजोदड़ो और हड़प्पा की तुलना में बहुत छोटा नगर था। डॉ. अर्नेस्ट मैके को इस स्थल की खुदाई में तीन संस्कृतियों के अवशेष प्राप्त हुए हैं। सबसे नीचे के स्तर में सिन्धु संस्कृति के चिह्न पाए गए हैं। डॉ,मैके का मत है कि सिन्धु सभ्यता के निर्माता चहुदड़ो में तीन सौ वर्ष तक आबाद रहे। यहाँ के लोग पक्की ईंटों की इमारतें बनाते थे।

(4) लोथल- पुरातत्वविदों के अनुसार यह नगर एक बन्दरगाह था। यह गुजरात में खम्भात की खाड़ी के ऊपर स्थित था। वर्ष 1954-55 ई. में भारत के पुरातत्व विभाग ने इस स्थल की खुदाई करवाई थी। यहाँ की खुदाई में जो सबसे महत्वपूर्ण चीज मिली है, वह एक विशाल गोदी (जहाजों के ठहरने का स्थान)  है। इसमें जहाजों को समुद्र की ओर ले जाने का समुचित प्रबन्ध था। यह गोदी 215 मीटर लम्बी और 37 मीटर चौड़ी है। विश्व में अन्यत्र कहीं इतने प्राचीन युग की कृत्रिम गोदियों का उदाहरण नहीं मिलता है। इसके अतिरिक्त यहाँ से अनेक प्रकार के ८
आभूषण, मुद्राएँ तथा मिट्टी के बर्तन भी मिले हैं।

(5) कालीबंगा- कालीबंगा, राजस्थान प्रान्त के गंगानगर जिले में प्राचीन सरस्वती नदी के किनारे स्थित है। कालीबंगा में दो टीले प्राप्त हुए हैं। इन टीलों की खुदाई से ज्ञात हुआ कि दोनों टीलों के चारों ओर रक्षा-दीवारों का निर्माण किया गया था। उत्खनन से प्राप्त सामग्री के आधार पर पता चलता है कि एक टीले का प्रयोग निवास के लिए किया जाता था और दूसरे टीले का प्रयोग किले के रूप में होता था, वहाँ पूजा-पाठ आदि के स्थान भी बने हुए थे। यहाँ से अनेक प्रकार के बर्तन, ताँबे के औजार, चूड़ियाँ, मिट्टी की मूर्तियाँ तथा खिलौने आदि भी प्राप्त हुए हैं। 

(6) बणावली- बणावली, हरियाणा राज्य के हिसार जिले में स्थित है। यहाँ से प्राप्त अवशेष बहुत कुछ कालीबंगा से मिलते जुलते हैं।

(7) सुत्कागेंडोर- यह स्थान करांची के पश्चिम में लगभग 300 मील की दूरी पर स्थित है। 1962 ई. में जॉर्ज डेल्स ने यहाँ सिन्धु नगर, दुर्ग और बंदरगाह का पता लगाया था। यद्यपि आज यह स्थान समुद्र तट से दूर है, परन्तु ऐसा अनुमान किया जाता है कि प्राचीनकाल में यह समुद्र तट पर स्थित एक बन्दरगाह था, जहाँ से सिन्धु सभ्यता के लोग बेबीलोन के साथ व्यापार करते थे।

(8) कोटदीजी- यह स्थान मोहनजोदड़ो से पूर्व में लगभग 40 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। 1955 एवं 1957 ई. में फजल अहमद खाँ ने यहाँ उत्खनन कराया था और यहीं से सिन्धु सभ्यता के अवशेष प्राप्त किए थे। यहाँ यह उल्लेखनीय है कि सिन्धु सभ्यता के नीचे यहाँ पर एक अन्य सभ्यता, जिसे ‘कोटदीजी सभ्यता' कहा गया, के अवशेष भी प्राप्त हुए। फजल अहमद खाँ का अनुमान है कि प्राचीन ‘कोटदीजी सभ्यता' किसी समय अग्निकाण्ड के परिणामस्वरूप नष्ट हुई थी, उसके पश्चात् यहाँ सिन्धुवासियों ने अपनी बस्ती बसाई।

(9) रोपड़- यह स्थान पंजाब में स्थित है। यहाँ 1953-56 . में यज्ञदत्त शर्मा ने उत्खनन कार्य कराया था, जिससे यहाँ सिन्धु सभ्यता की अति महत्त्वपूर्ण सामग्री उपलब्ध हुई थी। यह उस समय सतलज नदी पर स्थित था, यहाँ पत्थर और मिट्टी के मकान बने थे । यहाँ एक कब्रिस्तान भी मिला है। यहाँ से एक मुद्रा भी प्राप्त हुई है। इसके अतिरिक्त यहाँ से मिट्टी के बर्तन, आभूषण एवं ताँबे की कुल्हाड़ी आदि भी प्राप्त हुए हैं।

(10) रंगपुर- यह स्थान लोथल से करीब 50 किलोमीटर उत्तर-पूर्व में स्थित है। श्री रंगनाथ राव ने यहाँ 1953-54 ई. में खुदाई कराई थी। उनका मानना है कि जब बाढ़ के कारण लोथल क्षत-विक्षत हो गया तो वहाँ के लोगों ने भागकर रंगपुर में अपनी बस्ती बसाई। यहाँ भी सिन्धु-सभ्यता के पूर्व सिन्धु-सभ्यता के लोग रहते थे। सिन्धु सभ्यता की सामग्री में यहाँ प्राप्त कच्ची ईंटों के दुर्ग, नालियाँ, मृदभाण्ड, बाँट, पत्थर के फलक और मिट्टी के पिण्ड आदि
उल्लेखनीय हैं।
इतिहास- सिन्धु सभ्यता के महत्त्वपूर्ण स्थल [IMPORTANT PLACES OF INDUS CIVILIZATION] इतिहास- सिन्धु सभ्यता के महत्त्वपूर्ण स्थल [IMPORTANT PLACES OF INDUS CIVILIZATION] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 11:43 PM Rating: 5

इतिहास- सरस्वती सिन्धु (हड़प्पा) सभ्यता का विस्तार [EXTENSION OF THE SARASWATI INDUS (HARAPPA) CIVILIZATION]

EXTENSION OF THE  SARASWATI INDUS (HARAPPA) CIVILIZATION
EXTENSION OF INDUS CIVILIZATION

सरस्वती सिन्धु (हड़प्पा) सभ्यता का विस्तार [EXTENSION OF THE SARASWATI INDUS (HARAPPA) CIVILIZATION]

सिन्धु सभ्यता का क्षेत्र हड़प्पा और मोहनजोदड़ो तक ही सिमित  नहीं था, अपितु अत्यधिक विस्तृत था। सिन्धु सभ्यता का विस्तार विश्व की प्राचीनतम सभ्यताओं के क्षेत्रों बहुत अधिक विस्तृत था। संक्षेप में यह कहा जा सकता है कि सिन्धु सभ्यता पश्चिम में मकराना तट-प्रदेश पर सुत्कागेंडोर से पूर्व जिला मेरठ के आलमगीरपुर तक और उत्तर में जम्मू के मांदा से लेकर दक्षिण में किम सागर संगम पर भगतराव तक फैली हुई थी। समस्त समकालीन
सभ्यताओं में सिन्धु सभ्यता नि:सन्देह सबसे विस्तृत थी। क्षेत्र की दृष्टि से यह मिस्र और सुमेरिया सभ्यता से कहीं अधिक विशाल थी । प्रोफेसर आर.एन. राव का मानना है कि सिन्धु  सभ्यता का विस्तार पूर्व से पश्चिम 1600 किलोमीटर व उत्तर से दक्षिण 1100 किलोमीटर के क्षेत्र में था। विद्वान इतिहासवेत्ता पिगट का विचार है कि सिन्धु सभ्यता के अन्तर्गत इस विशाल प्रदेश की व्यवस्था व प्रशासन दो राजधानियों उत्तर में हड़प्पा व दक्षिण में मोहनजोदड़ो के द्वारा होता है। 
इतिहास- सरस्वती सिन्धु (हड़प्पा) सभ्यता का विस्तार [EXTENSION OF THE SARASWATI INDUS (HARAPPA) CIVILIZATION] इतिहास- सरस्वती सिन्धु (हड़प्पा) सभ्यता का विस्तार [EXTENSION OF THE  SARASWATI INDUS (HARAPPA) CIVILIZATION] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 11:38 PM Rating: 5

इतिहास- सरस्वती सिन्धु (हड़प्पा) सभ्यता की खोज तथा नाम [DISCOVERY & NAME OF THE SARASWATI INDUS (HARAPPA) CIVILIZATION]

DISCOVERY & NAME OF THE  SARASWATI INDUS (HARAPPA) CIVILIZATION
सरस्वती सिन्धु सभ्यता

सरस्वती सिन्धु (हड़प्पा) सभ्यता की खोज तथा नाम [DISCOVERY & NAME OF THE  SARASWATI INDUS (HARAPPA) CIVILIZATION]


"यह महान सभ्यता मध्य-पूर्व की ऋणी नही है, और न यह विश्वास करने का ही कोई कारण है कि इस सभ्यता के निर्माता कोई देशान्तरवासी थे, इन नगरों का निमण उन लोगों ने किया जो सम्भवत: सिन्धु घाटी में शताब्दियों से रहते थे। हड़प्पा निवासी, जब उन्होंने अपनी नगर-योजना बनाई, भारत के निवासी थे तथा एक हजार वर्ष तक उनमें कोई भी परिवर्तन नहीं हुआ।"  -ए एल वाशम

सभ्यता की खोज तथा नाम  [DISCOVERY & NAME OF THE CIVILIZATION]

1921 ई. तक यह सामान्य धारणा थी कि भारत की प्राचीनतम सभ्यता आर्यों की वैदिक सभ्यता है, किन्तु सिन्धु सभ्यता की खोज ने इस धारणा को असत्य प्रमाणित कर दिया। 1921 ई. में रायबहादुर दयाराम साहनी ने सिन्धु नदी की घाटी में स्थित हड़प्पा नामक स्थान पर सर्वप्रथम इस महत्वपूर्ण सभ्यता के अवशेषों का पता लगाया।1922 ई. में राखलदास बनर्जी ने हड़प्पा से 640 किमी दूर स्थित मोहनजोदड़ो में उत्खनन के द्वारा एक भव्य नगर के अवशेष प्राप्त किए । प्रारम्भ में उत्खनन कार्य सिन्धु नदी की घाटी में ही किया गया था तथा वहीं पर इस सभ्यता के अवशेष प्राप्त हुए थे, अतः सर जॉन मार्शल ने इस सभ्यता को 'सिन्धु सभ्यता' कहा। अब जबकि इस सभ्यता के अवशेष सिन्धु नदी की घाटी से दूर गंगा-यमुना के दोआब और नर्मदा-ताप्ती के मुहानों, कश्मीर में मांडा तक प्राप्त हुए हैं, इस सभ्यता का नाम ‘सिन्धु-सभ्यता' उचित प्रतीत होता। कुछ पुरातत्ववेत्ताओं ने इस पुरातत्व परम्परा के आधार पर कि सभ्यता का नामकरण उसके सर्वप्रथम ज्ञात स्थल के नाम पर आधारित होता है, इस सभ्यता को 'हड़प्पा-सभ्यता' कहा है, किन्तु अभी तक 'सिन्धु-सभ्यता' नाम ही अधिक प्रचलित एवं प्रसिद्ध है।
इतिहास- सरस्वती सिन्धु (हड़प्पा) सभ्यता की खोज तथा नाम [DISCOVERY & NAME OF THE SARASWATI INDUS (HARAPPA) CIVILIZATION] इतिहास- सरस्वती सिन्धु (हड़प्पा) सभ्यता की खोज तथा नाम [DISCOVERY & NAME OF THE  SARASWATI INDUS (HARAPPA) CIVILIZATION] Reviewed by rajyashikshasewa.blogspot.com on 11:29 PM Rating: 5
Powered by Blogger.